गंगा में डूबे बीटेक के दो छात्र एक मऊ तो दूसरा अलवर का है
प्रयागराज। गंगा नदी के लहरों में नहाने गए दो बीटेक के छात्र डूब गए जिनकी गोताखोरों एवं एसडीआरएफ की टीम के द्वारा तलाश किया गया लेकिन अभी तक उनका कुछ भी अता पता नहीं चला है।
जानकारी के मुताबिक मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र विकास मौर्य और दीपेंद्र सिंह गुरुवार की सुबह अपने अन्य दोस्तों के साथ गंगा नदी में नहाने गए थे। वे अभी नदी की धारा को समझ पाते की लहरों ने उन्हें अपने आगोश में ले लिया। घटना की सूचना मिलने पर शिवकुटी पुलिस गोताखोरों के साथ पहुंचकर छात्रों का सर्च ऑपरेशन किया लेकिन उनका कुछ भी अता पता नहीं चला।
यह दोनों छात्र टैगोर हॉस्टल में रहते थे विकास मौर्य मऊ जनपद के भिखारीपुर निवासी विनोद मौर्या का पुत्र है। जबकि दीपेंद्र राजस्थान के अलवर जिले के ब्रह्मा कॉलोनी ताज पलट के पास रहने वाले बलदेव सिंह का पुत्र हैं। यह दोनों साथी अपने अन्य साथी के साथ कोटेश्वर महादेव घाट पर स्नान करने गए थे। इसी दौरान जीतेंद्र और विकास गंगा की गहरे पानी में चले गए और डूब गए। अन्य छात्रों ने शोर मचाया लेकिन इनका कुछ भी अता-पता नहीं चला। थानाध्यक्ष मनीष त्रिपाठी का कहना है कि डूबे छात्रों की तलाश कराई जा रही है। उधर घटना की सूचना छात्रों के परिजनों को दे दी गई है।

