मऊ पुलिस को वकीलों से है चुनाव में शांति व्यवस्था पर खतरा

मुहम्मदाबाद गोहना/मऊ। उत्तर प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव 2022 का मऊ जनपद का मतदान अंतिम चरण में 07 मार्च को है। चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन नित्य अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा है। लेकिन मऊ पुलिस प्रशासन ने सुरक्षित विधानसभा 355 मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में वकीलों से ही चुनाव में शांति व्यवस्था पर खतरा बताया है। जिसको लेकर क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस विभाग द्वारा मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के दर्जनों वकीलों को 107/16 में पाबंद करने की रिपोर्ट भेजी गई है। जिससे तहसील के वकीलों में आक्रोश व्याप्त है। इस मामले को लेकर तहसील के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को उपजिलाधिकारी मनोज कुमार तिवारी से मिलकर इस समस्या के बाबत अवगत कराया। अधिवक्ताओं ने बताया कि 2022 के मार्च माह में होने वाले विधानसभा चुनाव में वकीलों के ऊपर पुलिस प्रशासन ने चुनाव में शांति व्यवस्था का खतरा देखते हुए दर्जनों अधिवक्ताओं को 107/16 में रिपोर्ट भेजी गई है। जिसमें तहसील के वकीलों में खालिद खान,आबिद एजाज, अशोक कुमार, अफताब अहमद, अली इमदाद जैदी सहित तहसील के दर्जनों अधिवक्ताओं का नाम पुलिस प्रशासन ने भेजा है जो निन्दनीय है। उन्होनें एसडीएम से मामले को संज्ञान में लेकर न्याय की बात की है। पुलिस प्रशासन द्वारा मामले को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है।



