पूर्व विधायक आलम बदी आज़मी के निधन पर पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने जताया शोक
मऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं आज़मगढ़ की निज़ामाबाद विधानसभा से पांच बार विधायक रहे आलम बदी आज़मी के निधन पर मऊ नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष अरशद जमाल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत नेता को अपना राजनीतिक गुरु और प्रेरणा स्रोत बताते हुए कहा कि उनके निधन से जनसेवा और सादगी की राजनीति का एक महत्वपूर्ण अध्याय समाप्त हो गया है।
अरशद जमाल ने कहा कि आलम बदी आज़मी से उनके बेहद आत्मीय संबंध थे और उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में जनप्रतिनिधियों की कई पीढ़ियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि 90 वर्षीय आलम बदी आज़मी का लंबे समय से बीमारी के कारण इलाज चल रहा था और पिछले कुछ महीनों में उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती भी कराया गया था।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि आलम बदी आज़मी ने निज़ामाबाद विधानसभा क्षेत्र का पांच बार प्रतिनिधित्व किया और अपने कार्यों के दम पर जनता के बीच विशेष पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता इतनी गहरी थी कि उन्होंने मंत्री बनने का प्रस्ताव भी इसलिए स्वीकार नहीं किया, क्योंकि उनका मानना था कि मंत्री पद की व्यस्तताओं के कारण वे अपने क्षेत्र की जनता से सीधे जुड़ाव और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पर्याप्त समय नहीं दे पाएंगे।
अरशद जमाल ने कहा कि आलम बदी आज़मी का पूरा राजनीतिक जीवन सादगी, जनसेवा और जनता के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा। उनके निधन से विशेष रूप से युवा पीढ़ी और जनप्रतिनिधियों ने एक ऐसे मार्गदर्शक को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
उन्होंने दिवंगत आत्मा की मगफिरत तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में सब्र और हिम्मत प्रदान करने की अल्लाह से दुआ की।

