अपना जिला

कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर पूर्व सैनिकों ने वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, गूंजे ‘भारत माता की जय’ के नारे

प्रयागराज। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर वीर सेनानी पूर्व सैनिक कल्याण समिति, प्रयागराज के तत्वावधान में सैन्य युद्ध स्मारक ‘स्मृतिका’ (डीएसओआई, पोनप्पा रोड, न्यू कैंट) में कारगिल के वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान पूर्व सैनिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को सलामी दी तथा “जय हिंद”, “कारगिल वीर शहीद अमर रहें”, “वीर शहीदों की कुर्बानी याद करेगा हर हिंदुस्तानी”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से गुंजायमान कर दिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व कारगिल युद्ध विजेता एवं समिति के संरक्षक पूर्व सूबेदार श्यामसुंदर सिंह पटेल (सेवानिवृत्त) ने किया, जबकि संयोजन पूर्व सूबेदार जी. यादव ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व सूबेदार श्यामसुंदर सिंह पटेल द्वारा शहीदों को पुष्पमाला अर्पित करने तथा कारगिल वीर शहीद नायक लालमणि यादव एवं हवलदार कंचन सिंह के चित्रों पर माल्यार्पण कर सलामी देने से हुई। इसके बाद सभी पूर्व सैनिकों ने सामूहिक रूप से पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया।

इस अवसर पर राष्ट्रध्वज तिरंगा लहराते हुए सभी ने “वंदे मातरम्” राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन कर कारगिल विजय की गौरवगाथा को याद किया और देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

कार्यक्रम में कारगिल युद्ध विजेता ऑनरेरी लेफ्टिनेंट मोहम्मद शाहिद उस्मानी, नायब सूबेदार बिनोद कुमार सिंह पटेल, कारगिल युद्ध विजेता सूबेदार अनिल कुमार त्रिपाठी, सीपीओ रामसुंदर, प्रवीण कुमार द्विवेदी, मंसूर हसन, सुरेश चंद्र, बीरेंद्र यादव, प्यारेलाल सहित अनेक पूर्व सैनिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में पूर्व सूबेदार श्यामसुंदर सिंह पटेल (सेवानिवृत्त) ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। “जय हिंद” के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *