अपना जिला

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत, चार गंभीर घायल

आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे (NH-254) पर सोमवार तड़के करीब 5 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार इको कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेरठ जिले के थाना सरधना क्षेत्र के ग्राम अलीपुर निवासी लोग इको कार से यात्रा कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक को झपकी आना बताया जा रहा है।

हादसे में एक्स (10) पुत्र विशेष, विशेष (40) पुत्र ओमवीर और एक अज्ञात व्यक्ति (55) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं डोली (35) पत्नी विशेष, अंशिका (14) पुत्री विशेष, कार्तिक (12) पुत्र विशेष और चालक सत्या (18) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मुबारकपुर थाना पुलिस ने जिला मंडलीय चिकित्सालय, आजमगढ़ में भर्ती कराया।

सूचना मिलते ही मुबारकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भेजते हुए मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *