अपना जिला

अमिला महोत्सव में सामूहिक विवाह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ बनी सामाजिक समरसता का भव्य उदाहरण

अमिला/मऊ। क्षेत्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को समर्पित दो दिवसीय अमिला महोत्सव रविवार को अत्यंत भव्यता, अनुशासन और उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। छोटे से कस्बे अमिला में आयोजित यह महोत्सव न केवल सामाजिक चेतना का प्रतीक बना, बल्कि सामूहिक विवाह और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को एकता और सहयोग का संदेश भी देता नजर आया।

इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण छह जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह, बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, तथा क्षेत्रीय गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं, युवा एवं बुजुर्गों ने सहभागिता कर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ भव्य शुभारंभ

महोत्सव का विधिवत शुभारंभ पश्चिम बंगाल के प्रमुख उद्योगपति एवं आज़मगढ़ मूल निवासी जगन्नाथ प्रसाद गुप्ता ने उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष उमाशंकर ओमर, व्यापार मंडल आईटी मंच के प्रदेश महामंत्री आनंद ओमर सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलन कर भगवान गणेश के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के माध्यम से किया।

अतिथियों का पारंपरिक स्वागत किया गया, जिसके पश्चात मंच से सामाजिक एकता और सांस्कृतिक संरक्षण पर सारगर्भित विचार व्यक्त किए गए।

प्रथम दिवस: सामूहिक विवाह बना सामाजिक प्रेरणा

अमिला महोत्सव के पहले दिन सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें छह जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया। सादगी, गरिमा और पारिवारिक वातावरण में संपन्न इस आयोजन ने समाज को यह संदेश दिया कि विवाह जैसे पवित्र संस्कार को सामूहिक रूप से सरल और सम्मानजनक ढंग से संपन्न किया जा सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया। आयोजन के दौरान सामाजिक सौहार्द और सहयोग की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

यह हुए एक दूजे के

सामूहिक विवाह में स्नेहा कुमारी-अंचल कुमार, अनुराधा भारती-गुलशन कुमार, कंचन कुमारी-राजा भारती, अर्चना-संदीप कुमार, रागिनी कुमारी-सूरज भारती और सरस्वती-शैलेष परिणय सूत्र में बंधे।

द्वितीय दिवस: सांस्कृतिक समागम और बाल प्रतिभाओं का जलवा

महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित विशाल समागम में क्षेत्र के सामाजिक, व्यापारिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की। इसके पश्चात नन्दन बाल विद्या मंदिर के बच्चों द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य, नाटिकाएं, देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक संगीत कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

बाल कलाकारों की प्रस्तुतियों ने न केवल मनोरंजन किया, बल्कि भारतीय लोकसंस्कृति और परंपराओं की झलक भी प्रस्तुत की। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्य अतिथि का संबोधन

मुख्य अतिथि जगन्नाथ साव (बजबज) ने सभी छह नवविवाहित जोड़ियों को आशीर्वचन प्रदान करते हुए कहा कि एक छोटे से कस्बे में इस स्तर का आयोजन यह दर्शाता है कि आयोजक अपनी मातृभूमि से गहराई से जुड़े हुए हैं और समाज के लिए कुछ सकारात्मक करने का संकल्प रखते हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं।

उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि अमिला महोत्सव आने वाले समय में क्षेत्रीय पहचान का एक मजबूत मंच बन सकता है।

आयोजकों और सहयोगियों की अहम भूमिका

इस सफल आयोजन के पीछे आयोजक परिवार और सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन में विशेष रूप से सतीश गुप्ता (मंटू), आर्यन विश्वनंदन, नरेंद्र (सोनू), राहुल गुप्ता (बबलू), अनुराग गुप्ता (श्यामू), डॉ. आलोक (पशु चिकित्सक),अनुपम, आशीष, बृजेश नारायण नादान, गणेश, सौरभ गुप्ता, अनुराग गुप्ता (रिंकू),सुनील गुप्ता सहित अनेक लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में राम सकल पटेल, ओंकारनाथ गुप्ता, गुलाब प्रसाद गुप्ता, जगदीश प्रसाद गुप्ता, अजय कुमार गुप्ता, नागेंद्र गुप्ता, उपेंद्र गुप्ता, विनोद कुमार गुप्ता, रमेश गुप्ता, रतन बाबू, चंदन गुप्ता, सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों एवं महिलाओं की उपस्थिति रही।

सामाजिक सद्भाव का सशक्त मंच

कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, सहयोगियों एवं स्थानीय नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। सामाजिक विशेषज्ञों और स्थानीय बुद्धिजीवियों का मानना है कि अमिला महोत्सव सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण और सामूहिक सहभागिता का एक सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है, जो आने वाली पीढ़ियों को सकारात्मक दिशा देने में सहायक सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *