माँ शीतला धाम में जय हनुमान की गूंज के साथ सवा लाख श्री हनुमान चालीसा पाठ, उमड़ा आस्था का जनसैलाब
– बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दिया आशीर्वाद, शीघ्र ही मऊ आने का लिया संकल्प
मऊ। रविवार को मऊ स्थित माँ शीतला मंदिर का प्रांगण आस्था, धर्म, समर्पण, विश्वास, प्रेम, सेवा और त्याग के संगम का ऐसा प्रमुख केंद्र बना, जहां जो आया उसने धर्म की इस गंगोत्री में अपनी श्रद्धा की डुबकी लगाई। क्या बड़ा, क्या छोटा, क्या गरीब, क्या अमीर—हर वर्ग, हर आयु के लोग भगवान श्री हनुमान के प्रति अपनी निष्ठा और आस्था में सराबोर नजर आए।
यह कहना अतिशयोक्ति नहीं होगी कि मऊ नगर में पहली बार धर्म की ऐसी बयार बही, जिसकी अनुभूति न केवल मंदिर प्रांगण में उपस्थित श्रद्धालुओं ने की, बल्कि जो नहीं पहुंच सके, उन्होंने भी सोशल मीडिया पर चल रहे लाइव प्रसारण के माध्यम से भगवान के दरबार में अपनी हाजिरी लगाई।
श्री हनुमत कृपा सेवा समिति द्वारा आयोजित सवा लाख श्री हनुमान चालीसा पाठ में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शीतला माता मंदिर का पूरा परिसर सनातनी श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। अनुष्ठान की शुरुआत संकल्प पूजन एवं संगीतमय सुंदरकांड पाठ से हुई, जिसके पश्चात एक साथ सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।
इस पावन अवसर पर बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए आयोजकों को साधुवाद दिया और सभी श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने भावुक स्वर में कहा कि वे शीघ्र ही मऊ आकर भक्तों से साक्षात मिलना चाहेंगे।
गौरतलब है कि हनुमत कृपा सेवा समिति द्वारा नगर के शीतला माता मंदिर में यह आयोजन अभूतपूर्व रूप से संपन्न कराया गया। समिति के सदस्यों ने अथक परिश्रम कर मंदिर प्रांगण में श्री हनुमान जी महाराज का भव्य दरबार सजाया। जनपद के विभिन्न हिस्सों से आए लगभग 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन कर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया।
हनुमान चालीसा पाठ से पूर्व संगीतमय सुंदरकांड का पाठ हुआ। दोपहर में भगवान को भोग अर्पित कर दरबार का पट बंद किया गया। पूर्णाहुति के पश्चात लगभग 25 हजार श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, सुभासपा राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर, डॉ. एस. सी. तिवारी, डॉ. राहुल राय, आईएमए अध्यक्ष डॉ. राजकुमार सिंह, डॉ. योगेंद्र यादव, इंजीनियर वीरेंद्र, लालबहादुर जायसवाल, संतोष राजवती, प्रिंस गुप्ता, गिरधर अग्रवाल, डॉ. रघुनंदन अग्रवाल, कन्हैया जायसवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में हनुमत कृपा सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष चंद्रशेखर अग्रवाल ‘चंदू बाबू’, अजय गुप्ता, रवि बरनवाल, डॉ. एस. लाल, रामप्यारे गुप्ता, आशीष प्रजापति, अरुण वर्मा, सुशील जायसवाल, वेद नारायण मिश्रा, आनंद मिश्रा, डॉ. राम गोपाल गुप्ता, विजय तुलस्यान, राकेश श्रीवास्तव, सौरभ बरनवाल, विकास प्रजापति, अजीत वर्मा, राजेंद्र सिंह, मनोज मद्धेशिया सहित समिति के अनेक सदस्यों और स्वयंसेवकों की अहम भूमिका रही।
“जहां अपेक्षित, वहीं उपस्थित” बने स्वयंसेवक
बताया जा रहा है कि सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ का यह आयोजन पूरे भारतवर्ष में तीसरा है। अनुमान से कहीं अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद व्यवस्था सराहनीय रही। सैकड़ों स्वयंसेवकों ने स्वतः जिम्मेदारी संभाली—कोई भोजन भंडारे में जुटा रहा, कोई चप्पल स्टैंड, तो कोई प्रवेश और सुरक्षा व्यवस्था में। प्रशासन भी लगातार मौके पर मौजूद रहा। चारों ओर भक्ति और सेवा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।




