किण्वित जैविक खाद पर राष्ट्रीय बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, मऊ में किसान गोष्ठी का सफल आयोजन
मऊ।राष्ट्रीय बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, मऊ में 8 दिसंबर 2025 को किसानों के लिए किण्वित जैविक खाद (Fermented Organic Manure – FOM) विषय पर एक महत्वपूर्ण किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI), नई दिल्ली के अंतर्गत सस्य विज्ञान संभाग द्वारा डॉ. संजय सिंह राठौर, परियोजना समन्वयक के मार्गदर्शन में संचालित परियोजना—
“भारत में प्रमुख फसल प्रणाली की उत्पादकता को स्थाई रूप से बढ़ाने और पर्यावरण पदचिन्हों को कम करने हेतु किण्वित जैविक खादों का मूल्यांकन, प्रचार–प्रसार और विस्तार”
के तहत आयोजित किया गया। यह परियोजना मारुति सुजुकी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के आर्थिक सहयोग से संचालित हो रही है।
किण्वित जैविक खाद (FOM) क्या है?
FOM एक जैविक रूप से स्थिर खाद है, जो नियंत्रित वायवीय या अवायवीय परिस्थितियों में पशु गोबर, धान की पराली, पौध अवशेष या अन्य कार्बनिक अपशिष्टों के सूक्ष्मजीवीय किण्वन से तैयार किया जाता है। किण्वन के दौरान जटिल कार्बनिक पदार्थ सरल पोषक तत्वों में बदल जाते हैं, जो—
- मिट्टी की उर्वरता बढ़ाते हैं,
- सूक्ष्मजीव सक्रियता बढ़ाते हैं,
- पौधों को धीरे–धीरे और निरंतर पोषण देते हैं,
- जड़ विकास को मजबूत करते हैं,
- रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करते हैं,
- ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन को घटाते हैं,
- बलुई मिट्टी की जलधारण क्षमता में सुधार करते हैं।
किसानों की बड़ी सहभागिता
इस गोष्ठी में 300 से अधिक किसानों ने भाग लिया और FOM के उपयोग तथा जैविक खेती में इसके महत्व को विस्तार से जाना। इस तकनीक से किसानों को भविष्य में पर्यावरण–हितैषी तथा टिकाऊ खेती की दिशा में बड़ा लाभ मिलेगा।
विशेषज्ञों की सहभागिता और मार्गदर्शन
कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के निदेशक डॉ. ए. आनंदन के मार्गदर्शन में किया गया।
मुख्य सहयोग डॉ. संजय सिंह राठौर (परियोजना समन्वयक) और डॉ. राजीव कुमार सिंह (अन्वेषक) द्वारा किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के प्रमुख वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ—
डॉ. अंजनी कुमार सिंह, डॉ. अजय कुमार, डॉ. सत्येन्द्र कुमार, डॉ. कल्याणराव, डॉ. कल्याणी कुमारी, डॉ. विनेश बनोथ तथा डॉ. कुलदीप जायसवाल
ने किसानों को FOM एवं अन्य कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश सिंह और किसान नेता देव प्रकाश राय भी उपस्थित रहे।
गोष्ठी में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और किण्वित जैविक खाद के लाभों को अपनाने के प्रति अपनी रुचि जताई।

