पुण्य स्मरण

मऊ में विकास पुरुष स्व. कल्पनाथ राय की 85वीं जयंती श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई

 

मऊ। शिल्पी पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मऊ जनपद के विकास पुरुष स्व. कल्पनाथ राय की 85वीं जयंती पूरे जिले में श्रद्धा, सम्मान और भावनात्मक वातावरण के बीच मनाई गई। इस अवसर पर जिला अस्पताल परिसर स्थित उनकी प्रतिमा सहित कोपागंज, सेमरी जमालपुर, लुदुही और पतिला में स्थापित प्रतिमाओं पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। विभिन्न कार्यक्रमों में उनके संघर्षपूर्ण जीवन और मऊ के विकास में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया।

जयंती के अवसर पर मुहम्मदाबाद गोहना स्थित वृद्धाश्रम में स्व. कल्पनाथ राय की छोटी बेटी वैष्णवी राय ने अपनी माता डॉ. सुधा राय एवं पति सत्यार्थ राय के साथ सामाजिक सेवा कार्यों की शुरुआत की। उन्होंने वृद्धजनों के बीच आवश्यक सामग्री वितरित की और भरोसा दिलाया कि वे समय-समय पर उनके बीच आकर सेवा करती रहेंगी। वृद्धाश्रम में मौजूद कई बुजुर्ग, जो स्व. कल्पनाथ राय के नाम और कार्यों से परिचित थे, उनकी बेटी को अपने बीच पाकर भावुक नजर आए।

उल्लेखनीय है कि स्व. कल्पनाथ राय का जन्म 4 जनवरी 1941 को मऊ जिले के सेमरी जमालपुर गांव में हुआ था। उन्होंने मऊनाथ भंजन को तहसील का दर्जा दिलाया और वर्ष 1988 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के कार्यकाल में मऊ को आजमगढ़ से अलग कर स्वतंत्र जिला घोषित कराने में अहम भूमिका निभाई। मऊ में आज दिखाई देने वाला अधिकांश विकास उनके दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम माना जाता है।

उधर, कल्पनाथ राय के पैतृक आवास पर उनकी बहू डॉ. सीता राय ने पूजन-अर्चन कर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। तथा उनके नाम पर पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि आज मऊ को विकास पुरुष स्व. कल्पनाथ राय जैसे नेतृत्व की अत्यंत आवश्यकता है। भले ही वे आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी स्मृतियाँ सदैव जीवंत रहेंगी।

जयंती के अवसर पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, भाजपा, भाकपा, माकपा, रालोद, बसपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जनपद में स्थापित सभी प्रतिमाओं पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मीडिया से बातचीत में वैष्णवी राय ने कहा कि उनके पिता राजनीति से ऊपर उठकर राजधर्म का पालन करने वाले नेता थे। उन्होंने मऊ के विकास के लिए जो कार्य किए, वे कभी भुलाए नहीं जा सकते। उन्होंने कहा कि देश को ऐसे ही जनसेवी नेताओं की जरूरत है, जो निस्वार्थ भाव से जनता के लिए कार्य करें। वैष्णवी राय ने यह भी कहा कि वे अपने पिता की स्मृति में सामाजिक कार्यों के माध्यम से मऊ के लिए निरंतर कार्य करती रहेंगी, क्योंकि उनके बिना आज भी मऊ अधूरा सा लगता है।

इस अवसर पर रालोद के प्रदेश महासचिव देव प्रकाश राय, सुरेश बहादुर सिंह, किसान नेता राकेश सिंह, घनश्याम सहाय, अश्वनी सिंह, जय प्रकाश धूमकेतु, बसंत कुमार, मुन्ना यादव, सोनू सिंह, ब्रह्मानंद पांडेय, धर्म प्रकाश यादव, रमन पांडेय, अशोक सिंह, के.के. पांडेय सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *