मऊ में मोख्तार के सहयोगी के 50 करोड़ की अवैध प्लाटिंग पर चला पुलिस का बुलडोजर

मऊ। माफिया सरगना और मऊ सदर के विधायक मोख्तार अंसारी और उनके लोगों की अपराध और भय की बदौलत अर्जित की गई सम्पत्ति और अवैध धन पर शासन प्रशासन का तेवर कम होता दिखाई नहीं दे रहा है। कई जनपद में मोख्तार अंसारी और उनके लोगों के काली कमाई पर बुलडोजर चला चुकी शासन व जनपदों की प्रशासन मोख्तार अंसारी और उनके ठिकानों को खोज खोज के बुलडोजर चला रही है। मंगलवार को मऊ जनपद में जिलाधिकारी आवास के पीछे मोख्तार अंसारी के सहयोगी गणेश मिश्रा द्वारा अवैध रुप से प्लाटिंग की जा रही जमीन की भनक जैसे ही जिलाधिकारी अमित बंसल को पड़ी उन्होंने अपना तेवर सख्त कर उस प्लाट पर कठोर कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दे दिये। आलाकमान के निर्देश पर मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट त्रिभुवन ने जेसीबी लगवाकर अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त करा दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि मोख्तार अंसारी गैंग के मुख्य सहयोगी गणेश मिश्रा जो अवैध ढंग से कमाए गए धन से धन को अवैध प्लाटिंग कर क्रय विक्रय करता था। किसानों से एग्रीमेंट करा कर अवैध प्लाटिंग कर अपराधिक धन को उपयोग में लाता था। उसने ग्राम सिकटिया थाना सरायलखंसी में गाटा संख्या 2 रकबा 4.5 हेक्टेयर भूमि अर्थात 11 एकड़ से अधिक की भूमि पर बिना नक्शा पास कराए अवैध कॉलोनी विकसित कर रहा था, जिसे जेसीबी द्वारा ध्वस्त करा दिया गया। जिसकी अनुमानित लागत लगभग 50 करोड़ रुपये से अधिक है। मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर धनन्जय मिश्रा ,थानाध्यक्ष सरायलखंसी, इंजीनियर विनियमित क्षेत्र उपस्थित रहे। मोख्तार अंसारी और उनके सहयोगियों पर शासन और प्रशासन की लगातार चल रही बुलडोजर से उनके लोग सकते में हैं। वही आम आदमी शासन और प्रशासन के इस कार्यवाही पर खुश है।


