14 वर्ष के बेटे सहित मां की घर में घुसकर गोली मार कर निर्मम हत्या
■ हत्याकांड से शोक में बाजार बंद, एस पी ने दिया कार्यवाही का आश्वासन
मऊ। मुख्यमंत्री योगी जी आप कानून व्यवस्था को लेकर चाहे जितने बड़े से बड़े दावे क्यों न करें लेकिन आप की कानून व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है। हत्याओं का दौर तो जारी ही है, लेकिन आपके शासन में हत्यारे इतने बेखौफ हो गए हैं कि वह मासूम बच्चों सहित महिलाओं को भी अपने गोलियों का शिकार बनाने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसे में आपकी पुलिस सिर्फ आपको गुड वर्क देने में जुटी हुई है आखिर बैड वर्क का मूल्यांकन कौन करेगा यह समझ से परे है।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के मांदीसिपाह बाजार में मंगलवार को दिन दहाड़े अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर शिक्षिका 40 वर्षिय रेखा राय व उनके 14 वर्षीय बेटे हर्षित राय की गोली मारकर हत्या कर दी। दशहरा के त्यौहार के दिन हुए दुस्साहसिक वारदात से पूरे जनपद में सनसनी फैल गई। सुबह 10.30 बजे के आसपास हुई माता-पुत्र की निर्मम हत्या ने बाजार, गांव, इलाके सहित जनपद वासियों को झकझोर कर रख दिया है। घटना को लेकर चहुंओर जबरदस्त गुस्सा व शोक व्याप्त है। शोक में मांदीसिपाह बाजार बंद रही। वहीं स्थानीय मुहम्मदाबाद सिपाह गांव में लगने वाला दशहरा मेले पर्व का आयोजन भी नहीं हुआ।
हर शख्स इस लोमहर्षक घटना के कारणों को जानने के लिए बेताब दिखा। वहीं पुलिस भी कारणों के तह तक पहुंचने के लिए कई तरीके से छानबीन में जुटी रही। उधर, मृतका रेखा राय शिक्षिका, और उसके 14 वर्षीय पुत्र हर्षित राय के शव को देख कर, मृतका का पति और मृतक का पिता चंद्रशेखर राय बब्बू , स्वसुर और दादा कर्मशंकर राय, सासु और दादी कमलावती देवी सेवानिवृत्त शिक्षिका, तथा मृतका का छोटा पुत्र अंश राय दहाड़ें मार कर रो रहे थे। परिजन बार-बार बेहोश होते, तो वहां मौजूद महिलाएं व अन्य गांववासी उनके मुंह पर पानी के छींटे देकर होश में लाने का प्रयास करते। विलाप करते परिजनों का रोते-रोते यूं बुरा हाल था कि उनकी आंखें पथरा जाती थीं। मौके पर इलाके सहित दूर-दराज़ तक के सैकड़ों की संख्या में संवेदना में पहुंचे लोग हतप्रद थे।
घटना के बाबत पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य का कहना है कि उन्होंने घटनास्थल पर जाकर अपनी टीम के साथ एक-एक बिंदु का जांच किया है । मौके पर खोखे बरामद हुए हैं। परिजनों एवं स्थानीय लोगों द्वारा कोई घटना से जुड़ी अभी विशेष सूचना नहीं मिली है। डाग स्क्वायड सहित पुलिस की टीम विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। शीघ्र ही घटना में शामिल दोषियों को पकड़ा जाएगा।
सरकार की गलत नीतियों से अपराधियो को मन बढ़ गया है : अरशद
पिछले कुछ ही दिनों में लगातार हो रही घटनाओं पर पूर्व चेयरमैन अरशद जमाल ने चिंता व्यक्त करते हुए जल्द से अपराधियो को गिरफ्तार करने की मांग की है। श्री जमाल ने सरकार पर आरोप लगाया है कि उनकी गलत नीतियों से अपराधियो को मन बढ़ गया है। सरकार इनकाउंटर के नाम पर बेकसूरों की हत्याएं करादी और अपराधियों को छोड़ कर पुलिस को पार्टी की सेवा में लगा दिया है।

