उत्तर प्रदेश

भदोही में जेल सिपाही की मां की मऊ आवास में हत्या, घर में भीषड़ चोरी

मऊ। थाना सरायलखंसी अंतर्गत हरपुर (लोकई का पूरा) गांव में उस वक़्त हड़कंप मच गया जब पता चला कि 55 वर्षीय गीता श्रीवास्तव की हत्या कर चोरों ने घर पर हाथ साफ़ कर लिया है। पुलिस मौके पर पंहुच कर जांच में जुट गई है। फॉरेंसिक की टीम भी घटना स्थल का मुआयना कर रही है।
गीता श्रीवास्तव पत्नी स्वर्गीय रमेशचंद्र श्रीवास्तव, हरपुर में जेल रोड पर मकान बना कर अकेली रह रही थी। उनका पुत्र सूर्य प्रकाश श्रीवास्तव, भदोही  जिला कारागार में सिपाही के पद पर नियुक्त था। उसकी पत्नी और उसके बच्चे भी उसके साथ भदोही ही रहते हैं। गुरूवार को दोपहर करीब 12 बजे जब सूर्य प्रकाश पत्नी और बच्चों समेत घर पहुंचा तो उसकी माताजी गीता श्रीवास्तव उसका फोन नहीं उठा रही थी। देर तक फोन ना उठने पर सूर्य प्रकाश ने 112 पर फोन लगा कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आ कर जब दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देख कर दंग रह गए। भीतर के कमरे में गीता देवी की लाश पड़ी थी जिनका चेहरा कंबल और तकिये से ढका था। जो प्रथम दृष्ट्या हत्या का शक पैदा करता है। कमरा अस्त व्यस्त और आलमारी खुली थी। पीछे का दरवाज़ा भी खुला पाया गया। अगल बगल से पूछने पर पता चला कि रात 10 बजे तक महिला बाहर बैठी पड़ोस की महिलाओं से बात चीत कर रही थी। ज्ञात हो कि पास के गांव लदुही में गत रात्रि दो चोर भी पकड़े जाने की सूचना है और एक फरार है। उधर घटना के बाद बेटे, बहू और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। मौके पर पुलिस के अधिकारी भी पंहुच घटना की जांच पड़ताल कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना बड़ी दुःखद है। एक वृद्ध महिला अपने घर में भी सुरक्षित नहीं वो भी तब जब वो घर खुद कानून के रक्षकों का हो, बड़ी विडंबना है। हत्या की घटना से आहत परिजन चोरी के सन्दर्भ में अभी कुछ भी बता नहीं पा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *