चर्चा में

मऊ में दो गुरूजी की डिग्री निकली फर्जी, बर्खास्त! मोटी तनख्वाह ले लगा रहे थे चूना!

मऊ। लगभग 15 वर्षों से फर्जी डिग्री के सहारे गुरूजी बन बच्चों को पढ़ा रहे और सरकार को आर्थिक रूप से चूना लगा रहे दो अध्यापकों को बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. संतोष कुमार सिंह ने बर्खास्त कर खण्ड शिक्षा अधिकारी को उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिया है। मऊ जनपद के फतहपुर मंडाव विकास खण्ड के उच्च प्राथमिक विद्यालय बहादुरपुर के सहायक अध्यापक के पद पर रामलाल यादव वर्ष 2005 से फर्जी डिग्री के सहारे नौकरी करता आ रहा था। इसके अलावा विकास खण्ड बड़रांव के भिखारीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के सहायक अध्यापक पद पर धर्मानंद भारती वर्ष 2009 से फर्जी डिग्री के सहारे गुरूजी बना था। दोनों फर्जी गुरुजी शिक्षा विभाग में कूटरचित शैक्षिक तथा प्रशिक्षण प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी कर सरकार से मोटी तनख्वाह लेकर चूना लगा रहे थे। मामले का शिकायत मिलने पर जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय के अधिकारियों ने सहायक अध्यापकों के शैक्षिक तथा प्रशिक्षण प्रमाण पत्र का सत्यापन कराया। सत्यापन में रामलाल यादव का बीएड प्रमाण पत्र फर्जी तथा धर्मानंद भारती का शैक्षिक तथा बीएड प्रमाण पत्र फर्जी मिला। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. संतोष कुमार सिंह ने दोनों फर्जी शिक्षकों को अपना पक्ष प्रस्तुत करने के कई अवसर दिए लेकिन वे अपने पक्ष में कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर सोमवार को बीएसए डॉ. संतोष कुमार सिंह ने दोनों सहायक अध्यापकों को बर्खास्त कर दिया। इसको लेकर जिले के परिषदीय विद्यालयों में बर्खास्त होने वाले शिक्षकों की संख्या आधा सैकड़ा से ज्यादा हो गई है। बीएसए ने कहा कि दोनों शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया गया है। एफआईआर दर्ज कराने के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दे दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *