चुनाव की तैयारियों का डीएम व एसपी ने किया निरीक्षण

@ पवन कुमार पाण्डेय…
मधुबन। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से बृहस्पतिवार को विधानसभा क्षेत्र दरगाह, सिपाह तथा मधुबन के पोलिंग बूथों का भौतिक निरीक्षण किया। कमियों को तत्काल सुधारने का निर्देश दिया, जिससे कि मतदान के दिन कोई अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार व एसपी सुशील घुले ने विधानसभा क्षेत्र के बापू स्मारक इंटर कॉलेज दरगाह, सिपाह के कंपोजित विद्यालय व कन्या पाठशाला, उच्च प्राथमिक विद्यालय मधुबन आदि में बने मतदान स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर आयोग की मंशा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं जिससे कि मतदाताओ को कोई असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मतदेय स्थलों पर पोलिंग पार्टी के आवागमन का रास्ता है अथवा नहीं, फर्नीचर, विद्युत कनेक्शन, वायरिंग, शौचालय तथा दिव्यांग मतदाता के लिए रैंप के साथ ही पेयजल, बाउंड्रीवाल एवं साफ-सफाई की व्यवस्था को देखा।निर्देश दिए कि कहीं व्यवस्था में कमियां हैं तो उसे संबंधित अधिकारी से समन्वय स्थापित कर ठीक कराया जाए। निरीक्षण के दौरान डीएम अरुण कुमार और एसपी सुशील घुले ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय मधुबन स्थित मतदान स्थल पर बूथ संख्या 322 से लेकर 330 तक विभिन्न कक्षों को देखा। बूथ संख्या 329,330 में हो रहे साफ-सफाई व्यवस्था पर संतुष्टि व्यक्त की। तथा विद्युत के डबल सॉकेट लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से चुनाव में निर्भीक एवं निडर होकर शत प्रतिशत मतदान की अपील की। कहाकि मतदान करना सभी का संवैधानिक अधिकार है। किसी के बहकाने, फुसलाने में न आएं, देश के लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदान करें।जिला निर्वाचन अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान पोलिंग बूथों से संबंधित पूछताछ की। एसपी ने कहा कि कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार का भय, प्रलोभन या दबाव बनाने का प्रयास करता है, तो ऐसे लोगों के बारे में तत्काल सूचना दें।

