मऊ में CBSE की 10वीं परीक्षा में SRD के मो. नोएम, LFIS की अदिति जिला टॉप

मऊ। सीबीएसई दसवीं का परिणाम शुक्रवार की दोपहर बाद घोषित हुआ। जनपद में संचालित सभी विद्यालयों में परीक्षा फल शत प्रतिशत रहा। हाईस्कूल में श्रीमती रामरती देवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (एसआरडी) के छात्र मोहम्मद नोएम व लिटिल फ्लावर इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा अदिति राय ने सर्वाधिक 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर मऊ जनपद में टॉप किया है। वहीं दूसरे स्थान पर सीपीएस के छात्र प्रशांत सिंह ने 97 प्रतिशत और तीसरे स्थान पर सनबीम स्कूल मऊ के कायश वर्मा, सागर चौबे रहे। वहीं किड्स किंग्डम स्कूल के छात्र अखिल यादव व डानवास्को स्कूल के आशीष कुमार 96.4 प्रतिशत अंक हासिल कर चौथे स्थान पर रहे। प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं छात्रों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया एवं शुभकामनाएं एवं बधाई दी। लिटिल फ्लावर चिल्ड्रेन स्कूल ग्रुप के चेयरमैन मुरलीधर यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कोविड काल के बाद छात्रों शिक्षकों एवं अभिभावकों ने धैर्य लगन व कौशल से शैक्षणिक गतिविधियों को अनवरत जारी रखा। उन्होंने समस्त विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की और अभिभावकों व शिक्षकों को उनके उचित मार्गदर्शन के लिए आभार प्रकट किया।






