होली का हुड़दंग नेताओं के संग, जब वे ना बदलेंगे तो क्यों बदलें हम!
होली की बतकही आनन्द कुमार के साथ, थोड़ी सच्ची थोड़ी झूठी, थोड़ी मिलावटी, थोड़ी सजावटी, सच सोचो तो सच, झूठ सोचो तो झूठ! मर्ज़ी आपकी की आप क्या सोचते हो! लिखना आदत है बिना रूपया लिए! जिसे आरोप लगाना है अभी लगा लो बाद में मत लगाना! क्योंकि होली है बुरा नहीं लगेगा! बाद में लगाओगे तो बुरा लग सकता है!
मैं भी बिकना चाहता हूँ लेकिन ख़रीदार नहीं मिल रहा जो मेरी सोच को ख़रीद सके, जो मेरी विचारधारा पर चल सके! जो मऊ को बदल सके! जाति धर्म की जो बात न करें बल्कि कैसी विकास हो यह बता सके!
आइए होली पर मिलते हैं कुछ लिखते हैं कैसा लगा आपको जरूर बताइयेगा!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏 🙏बुरा ना मानो होली
घोसी लोकसभा…
भले घोसी लोकसभा अलगू राय, झारखंडे राय, कल्पनाथ राय के नाम से जाना जाता है। लेकिन यहाँ चुनाव के वक्त ही ज़्यादातर प्रत्याशी जनता जनार्दन के बीच आते हैं ख़ासकर वह जो सांसद हो चुके हैं! पहली बार भूमिहार व क्षत्रिय के संसदीय इतिहास को हाथी सहारे नीलामय करने वाले बालकृष्ण चौहान, दल बदल के माहिर खिलाड़ी हो गए हैं! लेकिन बसपा के सिवा कहीं भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके! रहते मऊ में ही हैं लेकिन जनता के बीच ठीक से चुनाव में ही आते हैं! सपा से चन्द्रदेव राजभर सांसद तो बने लेकिन नई दुनिया में बसने के बाद घोसी में कभी कभार बड़े राजनीतिक मंचो पर दिख जाते हैं ! सूत्रों की माने तो जाति फ़ैक्टर के सहारे साइकिल चलाना चाहते लेकिन जुगाड़ नहीं लग रहा है! बसपा से सांसद बने दारा सिंह चौहान अपने सादगी की अदा से जाने जाते हैं यह अलग बात है कि ओपी राजभर के सहारे घोसी के उपचुनाव में हार के भेंट चढ़ गए! वैसे तो योगी जी के साथ कारागार सम्भाल रहे हैं? हरिनरायन राजभर भाजपा का वह योद्धा हैं, जो सांसद 2014 में बना तो खुलकर बोला कि जनता ने मोदी को वोट दिया है हमें नहीं! 2019 में भी हार के बाद अपने को बुजूर्ग नहीं मान रहे! हां अखबार वालों का ही पैसा नहीं दे रहे पर किससे करे कौन शिकायत! वैसे उनका मामला मोदी दरबार में जाना है! अब मोदी जी एक्शन लेते हैं पत्रकार को ही दोषी ठहराते हैं देखना होगा! बसपा सहारे घोसी को एक अच्छा नेता अतुल राय के रूप में मिला, लेकिन सांसदी जेल में बितने के कारण वे बहुत कुछ न कर पाए जो करना चाहते थे! हां एक काम उन्होनें अच्छा किया कि 2024 के घोसी के राजनैतिक नब्ज को समय से टटोला और अपनी साख बचा ली! 2014 में सपा से हार के बाद भी जिस प्रकार राजीव राय 10 साल घोसी के लोगों के बीच बने रहे वही उनके जीत का सबसे महत्वपूर्ण कारण है! और दूसरा राजग गठबंधन का प्रत्याशी अरविन्द राजभर का होना! अरविन्द भी पिता के बातों का शिकार हो गए! और जब राजीव राय माननीय बन गए तब तो बल्ले बल्ले! अब तो वह पूरे फार्म में हैं! बहुत कुछ करने की कोशिश कर रहे हैं सबसे बड़ी बात यही है कि जनता के सुख दुख में रह रहे हैं !
लेकिन राजीव राय सांसद तो बन गए लेकिन उन लोगों के लिए वर्तमान में समस्या भी बन गए हैं जो संसद को जाना चाहते हैं! वे लोग वर्तमान में जिस दल में हैं या बदल कर जाना चाहते लेकिन जाए तो जाए कैसे कौन बताएँ! यह सपा, बसपा, भाजपा, सुभासपा सबकी समस्या है!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏 🙏बुरा ना मानो होली है
घोसी विधानसभा…
घोसी तो अब भारतीय राजनीति के मानचित्र पर फेमस हो चुका है! भले ही यहां सपा के सुधाकर सिंह विधायक हैं लेकिन यहाँ राजनैतिक रोटी बहुत अच्छी प्रकार से सेंकी जाती है! चुनाव हार कर भी दारा सिंह चौहान यूपी का कारागार देख रहे और ओमप्रकाश राजभर जी भाजपा की गोंद में बैठ अपने बेटे की बदौलत भाजपा के शासन की फ़ज़ीहत करा रहे हैं! मोदी का कटप्पा महेंद्र राजभर सुभासपा व भाजपा के प्रत्याशी को हरा कर अखिलेश के करीबी बन बैठे हैं! पूर्व राज्यपाल फागू चौहान अपने परम्परागत सीट पर बेटे के लिए 2027 में गुणा गणित बैठा सकते हैं! फागू-फागू की अगुवाई में ओपी राजभर छड़ी ज़ोर से घुमा सकते हैं और अगर ओपी का प्रत्याशी बना तो कईयों की टोपी पहना और उतार सकते हैं! अगर फागू प्रत्याशी बने तो विजय राजभर के बाद दूसरा युवा घोसी का मिज़ाज बदल सकता है! कुछ बड़े छुटभैया टाइप के नेता अभी भी भाजपा में मोदी व योगी की बदौलत विधायक बनना तो चाहते लेकिन सम्भावना ना के बराबर है!
लेकिन घोसी का चुनाव दिलचस्प होगा!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
मुहम्मदाबाद गोहना…
मुहम्मदाबाद गोहना सुरक्षित सीट पर सबसे ज़्यादा दावेदार हैं हाथी छोड़ साइकिल पर सवार होकर mla बने राजेंद्र कुमार के लिए 2027 का सफ़र आसान नहीं है! वैसे इस सीट पर बसपा प्रत्याशी की घोषणा सपा भाजपा में जमकर राजनीतिक घमासान कराएगा! जीत का सेहरा इन दोनों में किसके सिर आएगा यह तो प्रत्याशी के बाद पता चलेगा! अगर बसपा का प्रत्याशी सूत्रों के मुताबिक़ बना तो लड़ाई मस्त होगी! हाथी मदमस्त होगी लेकिन मदहोश होगी!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
मऊ सदर…
सदर का ग़दर तो इस बार भी रहेगा! मुख़्तार नहीं हैं तो क्या हुआ! उनके लोग तो हैं ही! अब सपा, बसपा व सुभासपा में अब्बास किस दल को पसंद करते यह उनकी मर्जी है! भाजपा, सपा, बसपा व सुभासपा किस पर दांव आज़माते हैं यह भी मायने है। अब्बास कानूनन चुनाव लड़ने हेतु योग्य रहते हैं या नहीं यह भी देखना होगा! लेकिन आसान नहीं होगा अंसारी परिवार से राजनैतिक लोहा लेना! हां अगर अंसारी परिवार से कोई ना लड़े तो भाजपा यहां कमल क़तई नहीं खिला सकती! ऐन वक्त पर भाजपा का प्रत्याशी बनाने का दस्तूर भी बदलना होगा! कम से कम छ: मास पहले प्रत्याशी दे तो बात बने! टिकटार्थी भी वोटर लिस्ट को अपडेट कराएं! केवल चुनाव के समय दिखने वाले विन चुनाव के भी जनता के बीच रहे अपने को प्रत्याशी मानकर या विधायक ! वैसे 2027 का चुनाव सदर के लिए जितना हो हल्ला होगा रिज़ल्ट ज़ोर का झटका धीरे से वाला होगा!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
मधुबन…
मऊ की मधुबन सीट हमेशा सुर्खियों में रहती है! सूत्रों की मानें तो यहां से भाजपा के एके शर्मा जी भाजपा प्रत्याशी होंगे! तो भाजपा वाले रामबिलास चौहान जी कहां जाएँगे! अंदर खाने की रिपोर्ट है कि अगर राम बिलास जी मधुबन आते हैं तो जिले की जो एक सीट पर कमल है वह डगमगा जाएगी!
वैसे भी सभी को पता है कि 2022 में मधुबन किसकी बदौलत कमल खिला था! यहाँ चुनाव जीतने के लिए कौन कौन से गुणा गणित, जोड़ घटाना लगाए गए थे! इतना ही नहीं कैसे बसपा और सपा को के वोटों का डायवर्जन कराया गया था! यह किसी से छुपा नहीं है ऐसे में चौहान जी मधुबन जाएँगे तो क्या जीतेंगे! कुछ तो कह रहे हैं जीतेंगे किससे बाद में बताएँगे!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली🙏
अरविन्द शर्मा…
अपने यहाँ एक मंत्री हैं AK sharma जी! दावे के अनुसार तो सही जा रहे लेकिन जहाँ होना चाहिए वहाँ अब भी नहीं हैं! विकास की लौ जलाएँ हैं लेकिन मऊ आते ही जितना लोगों से घिरे रहते हैं सच में जो घिरे रहते हैं वह ठीक नहीं है! अब मऊ है तो आप जानते हैं यहां लोग ऐसे भी हैं कि उगते सूरज को सलाम करते हैं लेकिन दूसरी सच्चाई यह भी है कि आज मंत्री जी के आगे पीछे हैं लेकिन अगर वह कहीं से चुनाव लड़ने का विचार बना रहे तो आगे पीछे घूमने वाले समर्थक वाले नेता जी भी लाइन में लग जाएँगे टिकट के!
खैर शर्मा जी को समझ पाना इतना आसान नहीं है मैं तो पहली बार जब वह MLC बन कर आए थे तभी समझ गया! पंहुच बहुत ऊपर तक है आपका! इसे लिखे क्या आप तो जानते ही हैं! खैर शर्मा जी मधुबन विधानसभा से चुनाव लड़ सकते हैं! यह मधुबन वालों के लिए ख़ुशी की बात है! टिकट की बांट जोह रहे लोगों को दु:ख भी होगा!
लेकिन सूत्रों की मानें तो जिस प्रकार से उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री AK शर्मा मधुबन में विकास की गाथा को क़दम ताल कर रहे हैं ऐसे में अगर वो मधुवन गए तो ये जाति के चुनाव में मधुबन में उनका जाना ही घाघरा की कटान की तरह हिलोरे लेने लगेगा!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
भाजयुमों वाले आशुतोष राय कहां है…
भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे आशुतोष राय इन दिनों फिर चर्चा में है हो भी क्यों नहीं 2017 में जब वे bjp युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बने तो, UP में भाजपा की सरकार बनी लेकिन अब सरकार बन गई तो भला कौन किसको पूछे! वैसे तो भाजपा सब पर नज़र रखती है सुनने को मिलता है! उनके बाद न जाने कितने युवाओं को भाजपा में नई ज़िम्मेदारी दी गई कहाँ से कहाँ तक उन्हें पहुंचाया गया । लेकिन आशुतोष राय वहीं के वहीं रह गए! गणेश परिक्रमा में फिसड्डी आशुतोष के बारे में भाजपा को सोचना होगा! 2024 के चुनाव में उनके पिता पारस नाथ राय को ग़ाज़ीपुर लोक सभा से bjp का टिकट मिला। चुनाव में सपा के प्रत्याशी सांसद अफजाल अंसारी के ख़िलाफ़ उनके पिता चुनाव लड़े! चुनाव की कमान आशुतोष स्वमं सम्भाल रखी थी! आशुतोष राय चुनाव में जीत तो नहीं दिला सके लेकिन अफजाल को पशोपेश में डाल दिया! अफजाल अंसारी को चुनाव में जीत भाई मुख्तार अंसारी की जेल में मौत पर सांत्वना वोट के चलते मिली तो जरूर लेकिन आशुतोष की मेहनत को सभी ने सराहा! अब देखना है भाजपा अपने पुराने युवा चेहरे पर विचार करती है या आशुतोष को फिर नेपथ्य में छोड़ देती है! आशुतोष का मऊ से पुराना रिश्ता है!
भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए आशुतोष राय का सपा सरकार में 30 जून को सपा सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ विधानसभा का घेराव जिसमें वर्तमान परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह सहित तत्कालीन भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. लक्ष्मीकांत बाजपेयी, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सहित, आशुतोष राय के साथ हज़ारों कार्यकर्ता घायल हुए! डिजिटल सदस्यता अभियान अभियान में रिकॉर्ड सदस्य बना कर भाजयुमों का यूपी में परचम लहराया, भ्रष्टाचार का विरोध, कार्यकर्ताओं के सुख दुःख में रहना! इस योगदान को पार्टी कब देखेगी!
प्रवीण निषाद…
डाक्टर भी हैं प्रवीण भी हैं और निषाद भी हैं! बोलते तो अच्छा हैं लेकिन बनना ओमप्रकाश राजभर सरीखा चाहते हैं लेकिन सम्भव नहीं है ! परिवारवाद की जड़ में जमें हुए हैं! कार्यकर्ताओं की समझ नहीं है और योगी सरकार में मंत्री हैं लेकिन पार्टी की चिंता ज़्यादा है समाज व प्रदेश की कम! कुछ बदलाव लाइए हुज़ूर राजनीति बहुत कुत्ती चीज है!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली🙏
आज़ाद…
राजनीति में कब कौन आज़ाद हो जाए कुछ कहा नहीं जा सकता! एक आज़ाद आकर कई की राजनीति तहस-नहस करने वाला है!लोगों को डर है लेकिन कैसे कहें! खैर आज़ाद आज़ादी के बाद का वह आज़ाद है जिसमें उसके समाज को एक नहीं कई-कई तस्वीर दिखाई दे रही है !
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
चन्द्र बाबू नायडू…
बाबू चन्द्र नायडू जी कब तक चुप रहेंगे कुछ बोलेंगे! इकठ्ठे सब ग़ुस्सा उतारिएगा तो ठीक नहीं है! बोलते रहिए आपके बिना बोले राजनीति का मिज़ाज पढ़ रहे हैं लोग और अपने से गढ़ रहे हैं! वैसे मोदी भी बुरा नहीं हैं और राहुल भी!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
बिहार…
बिहार में युवाओं का बोलबाला है और बुजुर्गों का छत्रछाया है! ऐसे में राजनीति की चासनी को घोलने का पूरा ठीका भाजपा ले रखी है, भाजपा को अपने नीतीश से जितना परेशानी नहीं उससे ज़्यादा तेजस्वी झटका दे रहे हैं! चिराग़ की लौ कम नहीं हो रही है! देखिये बिहार में होता है क्या निशांत का जिया भी बेकरार है!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
बंगाल…
ममता बनर्जी इस बार हर दांव आज़माइश होगी, आपको पदच्युत करने के लिए! लेकिन आप होंगी नहीं क्योंकि आपके ममता की अलग है! आप माया नहीं हो आप हो राजनीति की असल देवी! सुने हैं कि वे चाह रहे आप गठबंधन कर लो, क्या आप कर रही हो! यूपी बिहार वालो को 50 और बाक़ी को 50 में निपटा कर आज़मा सकती हो!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
MP-MLA बनने का सपना देखने वाले युवाओं, जब राजनैतिक दल वाले IAS-IPS में से ही छँटनी कर नेता बना रहे हैं तो पहले वही क्यों न बन जा रहे! बाद में राजनीति में आ जाना और MP-MLA बन लेना!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
रेखा जी भारतीय राजनीति में आपको कोई ठीक से भले ही नहीं देखा हो, लेकिन आपने बहुतेरों के आगे लम्बी रेखा खींच, शीर्ष पर बैठी हैं! लेखा जोखा बेहतर दिल्ली का बता रही हैं! कुछ अनूठा छाप छोड़ जाइए!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
केजरीवाल जी, आप पर सनी की साढ़े साती चल रहा है! कमरे में मोदी जी का फ़ोटो लगाएं और सुबह सबसे पहले उनको देखें आपके अच्छे दिन जरूर आएँगे!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
राहुल गांधी जी, आप 18 रत्ती का मूँगा चाँदी की अंगूठी में कानी उँगली में पहन लीजिए! सपना देखें हैं कि संसद में अविश्वास प्रस्ताव आया और आप प्रधानमंत्री बन रहे हैं!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
ओमप्रकाश राजभर जी, बिहार में गठबंधन रही भाजपा से की ना! सुनली हं कि वोटर के खुब समझावल गईल ह! देखा के समझेला! वोटर की भाजपा!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
नीतीश जी सब कुछ तो ठीके था, आप भी परिवारवाद की परिपाटी में आ गए! बच बचा के ही कदम उठाइएगा नहीं तो कहीं बि हार न हो जाए! वईसे भी मोदी जी आपके बहुते सम्मान करेलन!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
अखिलेश जी जा तो सही रहे हैं! यूपी की 403 विधानसभा की सीट में 20-20 पर M-Y व बाक़ी पर बाक़ी बिरादरी का दांव लगाइएगा! गुल खिला लेंगे नहीं तो साइ किल हो जाएगा!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
मायावती जी आनन्द पर विचार नहीं बन रहा तो मैं भी आनन्द ही हूं! विचार कर सकती हैं! आम्बेडकर जी व कांशीराम से प्रभावित भी हूं! पर आप अब भी समझ में नहीं आती!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
योगी जी, आपकी तारीफ़ करने वाले ही आपकी शासन व्यवस्था को ठीक से नहीं चलने दे रहे हैं! जिसकी वजह से आपकी ईमानदार छवि ये लोग धूमिल कर रहे हैं!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
मोदी जी आपका सब कुछ बहुत अच्छा आपके हिसाब से चल रहा था! लेकिन 2025 आते ही बहुत कुछ बुरा सुनने को मीडिया द्वारा मिल रहा है! किसी अच्छे ज्योतिष को दिखा लीजिए! वैसे एक ज्योतिष मेरे भी सम्पर्क में हैं! बताइएगा!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
IAS IPS व पुलिस के लोग चाहे अपना जितना भी पीठ थपथपा लें! लेकिन उनका सबसे बुरा हाल इसी सरकार में है!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏
कोई घूम रहा मंदिर मंदिर, तो कोई घूम रहा द्वारे द्वारे, जिलाध्यक्ष की बात ख़्वाब संजोए सब अपने को ही मान बैठे हैं! लेकिन सच्चाई से कोसों दूर हैं! जो बन रहा है वह स्पेशल है जो नहीं बन रहा वह भी स्पेशल है! वैसे तो मुझे पता है लेकिन बताऊंगा नहीं क्योंकि मुझे पता है लेकिन बताना नहीं है! जिसे पद मिलेगा वह आश्वासन दिया है कुल पद बाटेंगा। जिसे पद नहीं मिलेगा वह कुल कुल पद करेगा!
🙏बुरा ना मानो होली है🙏🙏बुरा ना मानो होली है🙏