शक्ति सिंह के नेतृत्व में काशी में भाजयुमो अध्यक्ष हिमांग जोशी का भव्य स्वागत

राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद हिमांग जोशी पहली बार बनारस पहुंचे। उनके आगमन को लेकर युवा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और नारों के बीच उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर युवा जोश और संगठनात्मक उत्साह का माहौल नजर आया।
इस अवसर पर शक्ति सिंह ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की पावन नगरी में भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करना सभी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी से युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ नई ऊर्जा और दिशा देने का संदेश देशभर में जाएगा।

शक्ति सिंह ने कहा कि हिमांग जोशी के नेतृत्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा देश के युवाओं की आकांक्षाओं और उनकी आवाज को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि आज का युवा विकसित भारत के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है और युवा मोर्चा युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं की नई ऊर्जा, नए संकल्प और संगठन के प्रति समर्पण का भी प्रदर्शन है। काशी की धरती से युवा शक्ति के इस संकल्प को और मजबूती मिलेगी।
