सुहलदेव स्वाभिमान पार्टी का सुधाकर की जय-जय, दिया समर्थन
मऊ। सुहलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मऊ सदर विधानसभा से पूर्व सुभासपा प्रत्याशी महेंद्र राजभर के निर्देश पर सोमवार को पार्टी ने अपना खुला समर्थन समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह के कार्यालय पर ही प्रेस कांफ्रेंस कर घोषणा कर दी। साथ ही सुहलदेव स्वाभिमान पार्टी के सभी मौजूद नेताओं ने एक स्वर में सुधाकर सिंह को 75 प्रतिशत वोट दिलाकर विधायक बनाने का समर्थन किया।
सुहलदेव स्वाभिमान पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव डा. बलिराज राजभर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष महेन्द्र राजभर के निर्देश व सर्वसम्मति से हम लोगों ने जमीनी नेता सुधाकर सिंह को समर्थन दे रहे हैं। हमारे प्रत्याशी का पर्चा ओपी राजभर व दारा के इशारे पर गलत तरीके से खारिज किया गया है । घोसी में हर ओर से हर समाज से आवाज आ रही है, सुधाकर-सुधाकर इस नाते हम अपने पार्टी का समर्थन कर रहे हैं।
एसएसपी के जिलाध्यक्ष रामजीत राजभर ने ओमप्रकाश राजभर और दारा सिंह चौहान के खिलाफ बोलते हुए कहा कि उनके पार्टी के प्रत्याशी का पर्चा इन नेताओं के इशारे पर खारिज हुआ। जिससे नाराज होकर इन लोगों ने सपा को जिताने के लिए कमर कस ली है। उन्होंने सुभासपा मुखिया ओमप्रकाश राजभर की आलोचना करते हुए कहा कि वे गांजा, भांग बेचवाते हैं। पत्रकारों से उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर को ओमप्रकाश राजभर मत कहिए, उन्हें स्व. ओमप्रकाश राजभर या मंगरु उर्फ पलटू चाचा कहिए। यह बिकाऊ हैं टिकाऊ नहीं।
घोसी से सपा प्रत्याशी पूर्व विधायक सुधाकर सिंह ने कहा सुभासपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे महेंद्र राजभर की पार्टी सुहलदेव स्वाभिमान पार्टी का उन्हें समर्थन मिला है अब वे और मजबूती से चुनाव जीतेंगे।
कहा कि ओमप्रकाश राजभर समाज के नेता नहीं अपने पुत्रों के नेता हैं। दारा सिंह चौहान पर स्याही फेंकने के मामले में कहा कि सरेंडर करने वाला साफ बयान दे चुका है, आरोपी का सपा मुखिया के साथ फोटो वायरल पर वोले की फोटो खिंचवाना नेताओं के साथ आम बात है। कहा कि घटना का सपा ने पहले निंदा किया था। अब जब पोल खुल गया तो हम क्या कहे।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव, सुहलदेव स्वाभिमान पार्टी के महासचिव मनोज राजभर, ज़िला पंचायत सदस्य रमेश सिंह सहित अनेकों लोग मौजूद थे।

