घर से लापता बालक के मिलने से परिवार में खुशी की लहर
◆ सोमवार को लिखा पढ़ी के बाद सीयर चौकी प्रभारी ने उसे परिजनो को सौंपा
◆ समस्तीपुर जीआरपी ने उभांव पुलिस को बालक के मिलने की दी थी जानकारी
बिल्थरारोड/ बलिया। पिता की डांट से क्षुब्ध घर से फरार हुए एक 8 वर्षीय बालक को उभांव पुलिस की सक्रियता से खोज लिया गया। बेटे के समस्तीपुर जीआरपी के यहां सुरक्षित मिलने की सूचना सीयर पुलिस प्रभारी द्वारा उसकी मां मिलते ही उसकी आंखों से अश्रुधारा बह निकला। रविवार को समस्तीपुर पहुंचे परिजनो द्वारा बालक को बिल्थरारोड ले आया गया। सोमवार को सीयर चौकी प्रभारी द्वारा लिखा पढ़ी कर बालक को उन्हें सौंप दिया गया।
नगर पंचायत बिल्थरारोड के वार्ड नं0-2 निवासी सुभाष चंद का 8 वर्षीय पुत्र आकाश शुक्रवार की सुबह अचानक घर से लापता हो गया। काफी देर तक घर वापस न पहुंचने पर परिजनो ने उसे ढूढना शुरू कर दिया। इस बीच उन्होने अपने अन्य रिश्तेदारों से भी इसकी बावत पूछताछ की। परन्तु आकाश का कोई पता नही चल सका। बाद में परिजनों ने इसकी सूचना सीयर पुलिस चौकी प्रभारी अयोध्या प्रसाद चौधरी को दी। बालक के लापता होने की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी सक्रिय हो गये तथा उसकी खोज खबर शुरू कर दी। शनिवार को इसी दौरान समस्तीपुर जीआरपी द्वारा एक बालक के मिलने की सूचना उभांव पुलिस को दी गयी। उभांव पुलिस द्वारा इसकी सूचना मिलने पर सीयर चौकी प्रभारी द्वारा इस बावत पूछताछ शुरू कर दी गयी। समस्तीपुर में पाये गये बालक के आकाश ही होने की पुष्टि होने पर चौकी प्रभारी ने रात को उसके परिजनो को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर आकाश की मां के आंखो से खुशी के आंसू छलक पड़े। चौकी प्रभारी ने बताया कि उक्त बालक शुक्रवार को स्थानीय रेलवे स्टेशन से किसी ट्रेन पर बैठ बिहार की तरफ रवाना हो गया। समस्तीपुर पहुंचने पर एक युवक की निगाह भटक रहे उक्त बालक पर पड़ी। उसने बालक से पूछताछ कर उसे समस्तीपुर जीआरपी के हवाले कर दिया। बाद में जीआरपी ने पूछताछ के बाद उक्त बालक की जानकारी उभांव पुलिस को दी गयी। जानकारी के बाद सीयर पुलिस प्रभारी की सूचना पर आकाश के परिजन रविवार की अलसुबह ही समस्तीपुर रेलवे स्टेशन को रवाना हो गये। जहां सीयर चौकी प्रभारी से बातचीत के बाद जीआरपी ने उक्त बालक को उसके परिजनो को सौंप दिया। सोमवार को बिल्थरारोड पहुंचने पर लिखा पढ़ी कर सीयर पुलिस प्रभारी ने बालक को उसके परिजनों के साथ घर भेज दिया।

