डीएम के नेतृत्व में संपूर्ण समाधान दिवस मोहम्मदाबाद गोहना में संपन्न

कुल 38 शिकायतों में से दो का तत्काल निस्तारण,सर्वाधिक 17 शिकायते राजस्व विभाग से।
मऊ। जनपद के सभी तहसीलों पर आज संपूर्ण समाधान दिवस/तहसील दिवस का आयोजन किया गया।जिला अधिकारी अरुण कुमार के नेतृत्व में आज जनपद के मोहम्मदाबाद गोहना तहसील में प्रातः 10:00 बजे से 2:00 बजे तक संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस आयोजन में जनपद स्तरीय सभी अधिकारी उपस्थित थे।आज आए कुल 38 शिकायतों में से 2 का तत्काल निस्तारण कर दिया गया,साथ ही 10 शिकायतों के तत्काल निस्तारण हेतु टीमें गठित कर मौके पर भेजा गया।शेष सभी शिकायतों को संबंधित विभागाध्यक्ष को इस निर्देश के साथ सौंपा गया कि इनका समय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण अवश्य कर दें, जिससे शिकायतकर्ता को अपनी शिकायत को लेकर जनपद के बाहर न भटकना पड़े।आज आए कुल शिकायतों में सर्वाधिक 17 मामले राजस्व विभाग से संबंधित थे,शेष अन्य विभागों से।इस दौरान जिला अधिकारी अरुण कुमार ने सभी उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी स्वयं समाधान दिवस पर समय से पहुंचे,अपने किसी प्रतिनिधि को ना भेजें।जिस विभाग से संबंधित शिकायत हो उसका समय से गुणवत्ता पूर्ण ढंग से निस्तारण कर दें ताकि शिकायतकर्ता को बार-बार भटकना न पड़े। शिकायतों का निस्तारण करते समय इस बात का अवश्य ध्यान रखें कि उसका पूर्णत: निस्तारण हो जाए जिससे शिकायतकर्ता को बार-बार दौड़ना न पड़े। इस दौरान सभी जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

