डेंगू पीड़ितों की संख्या 800 के पार हुई तो बोले मंत्री- मीडिया के आंकड़े गलत, सरकार करेगी गिनती
प्रयागराज । संगम नगरी प्रयागराज में डेंगू की समस्या काबू से बाहर होती दिखाई दे रही है. जिले में डेंगू (#Dengue #fever) के मरीजों की संख्या 800 के पार पहुंच गई है. लेकिन स्वास्थ्य विभाग अब भी सुस्त पड़ा है. अभी तक विभाग की तरफ से कोई एक्शन प्लान नहीं बन पाया है. डेंगू की रोकथाम के लिए बनाई गई स्वास्थ्य महकमे की टीमें सिर्फ कागजों तक सीमित हैं. डेंगू से बचाव के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव और जागरूकता अभियान भी धरातल पर कहीं नहीं दिख रहे हैं. और तो और प्रदेश सरकार के मंत्री को भी नहीं लगता कि स्थिति भयावह होती जा रही है. इसलिए उन्हें डेंगू के मरीजों के आंकड़ों पर भरोसा नहीं है. प्रयागराज में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंचे चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग (#AtulGarg) ने डेंगू के मरीजों के आंकड़ों पर ही सवाल उठा दिया है. उन्होंने कहा है कि सरकार लगातार डेंगू की स्थिति पर नजर बनाए हुए है. जल्द ही इसके आंकड़े भी जारी करेगी. उन्होंने कहा है कि मीडिया में जो आंकड़े डेंगू के मरीजों के दिखाए जा रहे हैं, वो पूरी तरह से गलत हैं.
सीएमओ के आंकड़ों पर भी भरोसा नहीं…
स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने प्रयागराज में डेंगू पीड़ितों के जिन आंकड़ों पर सवाल उठाया है, मार्के की बात यह है कि ये आंकड़े जिले के सीएमओ द्वारा जारी किए गए हैं. आपको बता दें कि प्रयागराज जिले में पिछले वर्ष अब तक जहां 763 डेंगू के मरीज चिह्नित हुए थे, वहीं इस साल ये आंकड़ा 811 पर जा पहुंचा है. जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों में डेढ़ सौ से ज्यादा डेंगू संक्रमित मरीजों का इलाज चल रहा है. सीएमओ डॉ. मेजर जीएस बाजपेयी के मुताबिक अब तक जिले में साढ़े तीन हजार से ज्यादा डेंगू संभावित मरीजों के सैम्पल एलाइजा टेस्ट के लिए एसआरएन अस्पताल भेजे जा चुके हैं. इनमें से 800 से ज्यादा मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. हालांकि लगभग 500 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं. सीएमओ ने दावा किया कि इस बार डेंगू से जिले में किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है.
बाहर से संक्रमित होकर आए मरीज…
सीएमओ के मुताबिक 30 से 35 प्रतिशत डेंगू के ऐसे मरीज जिले में इलाज करा रहे हैं, जो बाहर से संक्रमित होकर आए हैं. उन्होंने कहा कि पिछले साल की तुलना में भी डेंगू के मरीजों की संख्या कम हुई है. पिछले साल अब तक जहां 850 मरीज डेंगू पॉजिटिव रिपोर्ट हुए थे, वहीं इस बार अब तक 811 मरीज ही पॉजिटिव मिले हैं. सीएमओ के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग की टीमें डेंगू की रोकथाम के लिए काम कर रही हैं. आम लोगों ने उन्होंने अपील की कि चूंकि डेंगू का मच्छर साफ पानी में पनपता है और दिन में काटता है. इसलिए लोग घरों के आसपास पानी जमा न होनें दे. सीएमओ ने स्कूलों के प्रधानाचार्यों से भी अपील की है कि सर्दियां शुरू हो गई हैं, लिहाजा बच्चों को फुल स्लीव की शर्ट, पैंट और जूते मोजे में स्कूल आने को कहा जाए, ताकि डेंगू का संक्रमण फैलने से रोका जा सके।

