पहली पत्नी के होते मंदिर में रचा रहा था शादी, पत्नी ने पंहुच दर्ज कराया एफआईआर

छत्तीसगढ़ प्रदेश के जांजगीर-चांपा जिले में एक युवक को दूसरी शादी करना उस वक्त महंगा पड़ गया जब, शादी की रस्मो के बीच युवक की पहली पत्नी परिजनों के साथ नमक पड़ी। फिर क्या था लड़का व लड़की दोनों पक्षों में तू-तू, मैं-मैं के बाद मामला मारपीट में बदल गया। मौके पर पुलिस आई पत्नी ने पति व ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की FIR दर्ज करा दी।
बताते चलें कि जांजगीर-चांपा शिवरीनारायण स्थित बड़े मठ मंदिर में बलौदाबाजार निवासी सोम प्रकाश नारायण जायसवाल की शादी हो रही थी। इसी दौरान एक महिला कुछ लोगों को लेकर पहुंची और हंगामा शुरू कर दिया। आते ही महिला ने दूल्हा बने सोम प्रकाश का कॉलर पकड़ लिया। विवाद बढ़ा और फिर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। मंदिर परिसर में मारपीट और हंगामा होते देख सब सकते में आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। इसके बाद सभी को थाने लाया गया, जहां इस पूरे विवाद की कहानी सामने आई। दूल्हे से मारपीट करने वाली महिला बिर्रा क्षेत्र की दामिनी जायसवाल है। उसकी शादी 7 मई 2017 को सोम प्रकाश से सामाजिक रीति रिवाज के साथ हुई थी। आरोप है कि एक सप्ताह के बाद ही ससुराल वालों ने 2 लाख रुपए और बाइक को लेकर दामिनी को परेशान करना शुरू कर दिया। महीने भर बाद ही उससे मारपीट करने लगे। फिर उसे मायके छोड़ा और बिना रुपए लाए आने से मना कर दिया।
इस बीच 15 जुलाई 2017 को दामिनी की ITI की परीक्षा थी। इसके लिए दामिनी को ससुर लेख राम जायसवाल उसके मायके छोड़ने आए, लेकिन जाते-जाते उन्होंने हिदायत भी दी कि जब तक 2 लाख रुपए और बाइक का इंतजाम न हो जाए, वह ससुराल न आए। दामिनी की परीक्षा खत्म हो गई। वह ससुराल जाने का इंतजार करने लगी, लेकिन उसे लेने वहां से कोई नहीं आया। हालांकि रुपए और बाइक लेकर आने का संदेश जरूर आता रहा। इन सब मुद्दों पर सामाजिक बैठक, फिर महासभा तक बात पहुंची लेकिन नतीजा सिफर रहा
दामिनी के परिजनों ने 10 जून 2018 को सामाजिक बैठक बुलाई। इसमें दामिनी के ससुराल वालों के व्यवहार पर आपत्ति दर्ज की गई। दामिनी को ससम्मान ले जाने का निर्णय हुआ, लेकिन ससुराल वाले नहीं माने। इस बीच 28 अक्टूबर 2020 को महासभा बुलाई गई, पर कोविड प्रोटोकॉल व दामिनी के परिजनों के पॉजिटिव होने के चलते वे नहीं जा सके। उन्होंने इसकी सूचना भी महासभा को दी, पर उन्होंने 28 दिसंबर को ससुराल वालों के पक्ष में निर्णय सुना दिया।
3 अप्रैल को सोम प्रकाश नारायण जायसवाल शिवरीनारायण के बड़े मठ मंदिर में कर्नोद निवासी नंदनी जायसवाल से विवाह करने पहुंच गया। इसके बाद ही पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। दामिनी और उसके परिवार ने सोम और उसके परिवार पर मारपीट करने, दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कराया है।

