भाजपा छोड़ सपा में शामिल हुए हरेन्द्र सरोज व राम दरस
मऊ। समाजवादी पार्टी कार्यालय मऊ पर दिनांक 11 अप्रैल दिन गुरुवार को एक बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष धर्मप्रकाश यादव ने लोकसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को बूथ संबंधी जिम्मेदारियों से अवगत कराया। कहाकि समाजवादी पार्टी के गठबंधन को मजबूत करने के लिए पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मुस्तैदी के साथ लग जाये। चुनाव में एक भी वोट न घटने पाए इसके लिए हर कार्यकर्ता अपने जिम्मेदारियों को समझे और एक रणनीति के तहत काम करे। कहाकि प्रदेश में महागठबंधन को लेकर बीजेपी बौखलाहट में है। बीजेपी ने अपने पांच साल के कार्यकाल में जो भी काम किया है जनता उसका हिसाब मांग रही है लेकिन भाजपा की सरकार उससे भाग रही है। कहाकि मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए वह समाज में हिन्दू मुसलमान, पाकिस्तान का सहारा लेकर नफरत की राजनीति को उकसा रही है। कहाकि जनता इन बातों को खूब समझ रही है और बीजेपी को उखाड़ फेंकने के लिए मतदान के दिन का इंतजार कर रही है। बैठक में भाजपा छोड़ कर आये पूर्व सांसद दरोगा प्रसाद सरोज के प्रतिनिधि हरेंद्र प्रसाद सरोज और रामदरश का फूल मालाओं के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान हरेंद्र प्रसाद सरोज ने कहाकि वह पहले से ही सपा के सिपाही रहे हैं। बीजेपी में जब से थे एक घुटन महसूस कर रहे थे। कहाकि पार्टी में पिछड़े और दलितों के हक की कोई बात नहीं करता है। विकास के नाम पर भी पूर्व की सरकार के ही कामों को अपना बनाकर दिखाया जा रहा है। कहाकि कि यही कारण है कि लोगों का बीजेपी से मोहभंग होने लगा है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से राजेन्द्र मिश्रा, जिला महासचिव कुद्दुस अंसारी, पूर्व प्रमुख रामप्रकाश यादव, जिला सचिव बीरेंद्र यादव लोहिया, जिला सचिव वीरेंद्र चौहान, प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग महेंद्र चौहान, कौशल यादव, विजय यादव, रामदरश यादव आदि उपस्थित रहे।

