उत्तर प्रदेश

भाजपा की बैठक में नेताओं को निर्देश, होर्डिंग पोस्टर पर विधानसभा सभा प्रत्याशी लिखने से बचें

लखनऊ। आगामी 2022 में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दल अपनी तैयारी में लग गये हैं। भाजपा भी पुन: सरकार में लौटने के लिए बूथ स्तर से लेकर ऊपरी स्तर तक तैयारी मुस्तैदी से कर रही है। मंगलवार को विधानमंडल का मानसून सत्र शुरू होने के बाद शाम को भाजपा विधानमंडल दल की बैठक लोकभवन में प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना और मुख्य सचेतक योगेंद्र उपाध्याय सहित पार्टी विधायक और विधान परिषद सदस्यों के साथ हुई।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने टिकट की दावेदारी शुरू कर दी है। बेशक, संगठन मौजूदा विधायकों की समीक्षा करते हुए टिकट वितरण पर विचार करेगा, लेकिन बैठक में फिलहाल स्पष्ट कह दिया गया है कि कोई भी कार्यकर्ता होर्डिंग आदि में अपने विधानसभा क्षेत्र का क्रमांक लिखकर टिकट के लिए अपनी दावेदारी न दिखाए। वे शुभकामनाएं व बधाई आदि लिखे लेकिन होर्डिंग में विधानसभा प्रत्याशी का दावेदार होने से बचे।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा प्रस्तावित बूथ विजय अभियान के शुभारंभ की तैयारियों सहित अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची में नाम बढ़वाने में सक्रिय रहने की सलाह विधायकों को दी। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि अब तक विधानसभा क्षेत्रों में जो भी काम हुए हैं, उन्हें सूचीबद्ध कर लें तथा जनता तक सरकार के काम की जानकारी पहुंचनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *