भारतीय बीज विज्ञान संस्थान, मऊ में जुटेंगे देश के बीज वैज्ञानिक
मऊ। भारतीय बीज विज्ञान संस्थान, मऊ में दिनांक 22 से 31 जनवरी 2019 तक ‘‘गुणवत्ता नियंत्रण के लिए आदर्श बीज उत्पादन, प्रसंस्करण एवं परीक्षण’’ विषय पर दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूरे देश से 20 बीज वैज्ञानिक एवं प्रशिक्षणार्थी भाग ले रहे हैं। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, मणिपुर, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश एवं तमिलनाडु आदि राज्यों के बीज वैज्ञानिक एवं प्रशिक्षणार्थी भाग ले रहे हैं। इस दस दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में वैज्ञानिक विधि से विभिन्न फसलों यथा अनाज, दलहनी, तिलहनी आदि फसलों में बीज उत्पादन, बीज प्रसंस्करण, भण्डारण व पैकिंग, बीज परीक्षण जिसमें मुख्य रूप से अंकुरण प्रतिशत, भौतिक शुद्धता, आनुवांशिक शुद्धता, नमी, बीज स्वास्थ्य, बीज उत्पादन से सम्बन्धित विभिन्न अधिनियम, बीज प्रमाणीकरण की प्रक्रिया, बीज उत्पादन के आर्थिक पहलू, बीज की बाजार व्यवस्था, बीज क्षेत्र में नैनो तकनीकी का प्रयोग इत्यादि महत्वपूर्ण विषयों पर आधुनिक तकनीकों, नवीनतम जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया जायेगा। इसके अलावा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर बीज गुणवत्ता, अन्तराष्ट्रीय बीज बाजार में भारत की भागीदारी, अन्तर्राष्ट्रीय बीज परीक्षण एजेन्सी, बीज ग्राम योजना, बीज प्रमाणीकरण के मानक, खरपतवारों के बीज की चुनौतियां आदि महत्वपूर्ण विषयों पर नवीनतम जानकारी दी जायेगी। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को बीज प्रक्षेत्र, अनुसंधान प्रक्षेत्र, विभिन्न प्रयोगशालाओं, कृषि विज्ञान संस्थान, बी.एच.यू. एवं राष्ट्रीय बीज अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र, वाराणसी इत्यादि का भ्रमण भी कराया जायेगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को व्याख्यान के अलावा विभिन्न प्रयोगों व अभ्यास के द्वारा नयी तकनीकों की जानकारी दी जायेगी।

