बिरहा सम्राट रक्षा यादव के श्रद्धांजलि सभा में श्रद्धासुमन अर्पित किए बिहार के राज्यपाल फागू चौहान

दोहरीघाट/ मऊ। बिरहा सम्राट, दूरदर्शन एवं रेडियो कलाकार गायक स्व. रक्षा यादव के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के मुरादपुर आवास पर श्रद्धांजलि सभा व ब्रह्मभोज कार्यक्रम में बिहार प्रदेश के राज्यपाल फागू चौहान ने पंहुच कर बिरहा सम्राट स्व. रक्षा यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दिए तथा परिजनों को शोक संवेदना व्यक्त किए। इस दौरान श्री चौहान की आंखें नम् हो गई।
राज्यपाल फागू चौहान ने भरे कंठ से रक्षा यादव के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षा यादव का सरल व्यक्तित्व की जितनी तारीफ की जाए कम है। उनकी सादगी और गायकी ही उनकी पहचान थी आज वे हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी अविस्मरणीय यादें सदैव मन में रहेगी। श्री चौहान ने कहा कि वे स्व. रक्षा यादव के परिजनों के हर सुख-दु:ख में सदैव साथ हैं। महामहिम फागू चौहान एक घण्टा श्रद्धांजलि सभा में रूकने के बाद वहां से विनोद यादव के आवास पर पंहुच क्षेत्रीय लोगों से मुलाकात कर गोंठा स्थित राही पर्यटन केंद्र पर विश्राम किए, वहां से दोपहर 2:30 मिनट पर पटना के लिए हेलिकाप्टर से निकल गए।
इसके पूर्व महामहिम फागू चौहान का हेलिकाप्टर 12:00 बजे फोरलेन पर बने हेलीपैड पर उतरा। वहां से वे राही पर्यटन केंद्र गोठा आए जहां पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। राही पर्यटन केंद्र पर स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। जहां महामहिम फागू चौहान ने सबका अभिवादन हाथ जोड़कर किया।
इस दौरान विजय बहादुर यादव, डा.एच.एन. सिंह पटेल, संजय यादव, धनंजय यादव, ई. रामजन्म गुप्ता, सन्तोष राय, रामविलास, रमेश यादव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

