विपक्षियों ने अपनी पार्टी को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बना दिया : यदुवंश
मऊ। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा हिंदी भवन में युवा सम्मेलन का आयोजन बुधवार को किया गया। जिसमें जनपद के युवा कार्यकर्ता पुनीत यादव को युवा मोर्चा का प्रदेश कार्यसमिति गठित होने के बाद जनपद में प्रथम आगमन पर भव्य स्वागत किया गया।
युवा सम्मेलन के मुख्य अतिथि प्रदेश मंत्री तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष युवा मोर्चा सुभाष यदुवंश रहे ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि, भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, आज दुनिया में सबसे अधिक युवाओं की आबादी है तो वो भारत में है। हमारे लिए यह बहुत ही गर्व करने वाली बात है की हमारा देश दुनिया में सबसे अधिक युवा है। भारतीय जनता पार्टी में इस समय लगभग बाइस करोड़ सदस्य है जो किसी पार्टी के पास नही है। इस समय हमारी पार्टी के सबसे अधिक मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक, मेयर, चेयरमैन आदि है। ऐसा किसी पार्टी में नहीं है।
राजनीति रक्तविहीन युद्ध है, पहले राजा का बेटा राजा होता था किंतु अब ऐसा नही है। लोकतंत्र ने समानता का समावेश किया है। भारत में लोकतांत्रिक व्यवस्था सफलता पूर्वक चल रही है।
भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास करते हुए पार्टी है, यहां अगला अध्यक्ष कौन होगा यह कोई नहीं बता सकता, जबकि कांग्रेस सपा और बसपा में सिर्फ परिवार को बढ़ावा दिया जाता है।
अब देश का नौजवान जाग चुका है, ये युवा पीढ़ी अब छलावे में आने वाले नहीं है। युवाओं ने अपने भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए भाजपा का रास्ता चुना है।
विपक्ष राजनीतिक महत्वाकांक्षा के लिए हर रास्ता अपनाने के लिए तैयार है विपक्षियों ने अपनी पार्टी को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बना दिया है किंतु भाजपा का बूथ अध्यक्ष भी आगे राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है।
आगे विधानसभा चुनाव आने वाला है अब हमको अपनी पार्टी का पक्ष मजबूती से रखने के लिए तैयार रहना है। सपा बसपा ने अपनी सरकार में भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी को बढ़ावा दिया था किंतु जब हमारी सरकार बनी तो हम हर जनहितकारी कार्य कर रहें हैं। हमारे कार्यकर्ता रक्त दान, पौधारोपण कोरोना महामारी में राहत और बचाव कार्य करते हैं। चाहे वो केंद्र की सरकार हो या प्रदेश की सरकार जनता के हित में छोटी और बड़ी तमाम योजनाएं चलाई जा रही हैं। मातृ शक्ति हो या युवा शक्ति या बुजुर्गों का सम्मान सबका ध्यान हमारी सरकार रख रही है। अब आतंकवादी और अलगाववादी अपनी मनमानी नहीं कर पा रहे हैं।
नवनियुक्त प्रदेश कार्यसमिति पुनीत यादव ने कहा कि, सुभाष यदुवंश युवा ह्रदय सम्राट हैं, श्री यदुवंश ने अपनी कार्यशैली से युवा मोर्चा को नई ऊंचाई दी। मैं पार्टी को विश्वास दिलाता हूं कि आगे युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पार्टी को और मजबूती दी जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार गुप्ता ने नवनियुत प्रदेश कार्यसमिति पुनीत यादव को बधाई देते हुए कहा कि,भारतीय जनता पार्टी के युवाओं में राष्ट्रवाद कूट कूट कर भरा है। जो संगठन के साथ लगातार चलता है वह कार्यकर्ता सबसे अच्छा कार्यकर्ता है। हमारी पार्टी साधारण से साधारण कार्यकर्ता को ऊंचे और सम्मानित पदों से सम्मानित करने का कार्य करती है। हम सभी संभाव विचार धारा के कार्यकर्ता हैं।
युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष हेमंत राय ने अपने उद्बोधन में कहा कि, सुभाष यदुवंश ने युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए मोर्चा को डिजिटल बनाकर युवाओं के लिए पार्टी से जुड़ना सहज बना दिया जिससे युवा मोर्चा को और अधिक ताकत मिली।
कार्यक्रम को बजरंगी सिंह बज्जू, भरत भैया, अशोक सिंह, पियूष चौबे, ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन आनंद प्रताप सिंह ने किया।
इस अवसर पर विधायक विजय राजभर, राकेश मिश्रा, संजय पाण्डेय, अनिल श्रीवास्तव, नूपुर अग्रवाल, सुनील यादव, कृष्ण कांत राय, सर्वेश राय, मंगल पाण्डेय, आनंद चौधरी, अखिलेश राजभर, राघवेंद्र सिंह, मनीष मद्धेशिया, राधेश्याम, सोनू सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।