अपना जिला

पंचायत के दौरान युवक ने निकाला तमंचा मची भगदड़, कट्टा निकला नकली युवक गिरफ्तार

( फतेह बहादुर गुप्ता )

रतनपुरा/ मऊ। पारिवारिक विवाद में चल रही एक पंचायत के बीच जब एक रिश्तेदार ने कट्टटा निकाल लिया तो भरी पंचायत में ही भगदड़ मच गई। ग्राम वासियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पंहुच पुलिस कट्टटा निकालने वाले शख्स को लेकर थाने ले गई। जहां जांच में कट्टा प्लास्टिक का निकला। परंतु पुलिस ने कट्टा निकालने वाले युवक को भय फैलाने व माहौल बिगाड़ने के आरोप में संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया। जबकि उसके पिता को छोड़ दिया। रतनपुरा प्रखंड के हलधरपुर थाना अन्तर्गत दक्षिणांचल स्थित तमसा तटवर्ती ग्राम पंचायत कोंहिया में एक परिवार में देवर और भाभी के मध्य विगत 20 सितंबर को विवाद हुआ। विवाद में भाभी ने 112 नंबर पुलिस को फोन कर बुलाया और अपने देवर को जेल भिजवा दिया। इसी बात को लेकर बुधवार को पंचायत हो रही थी। जिसमें उक्त महिला के मायके भीमपुरा थाना अंतर्गत सिकरिया ग्राम पंचायत के निवासी उसका भाई राम मिलन यादव अपने पिता मोती चंद यादव के साथ पंचायत में पहुंचा था। पंचायत में बड़ी संख्या में गांव के लोग एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। परंतु पंचायत चल ही रही थी कि राममिलन ने कट्टा निकाल लिया। कटटा निकालते ही वहां भगदड़ मच गई और दहशत का माहौल हो गया। गांव वालों ने पुलिस को इस बात की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी पिता-पुत्र को लेकर थाने गई। परंतु जांच में उक्त कट्टा नकली निकला। यानी कट्टटा प्लास्टिक का था। पुलिस ने पिता मोती चंद यादव को तो छोड़ दिया। लेकिन कट्टा निकालने वाले राममिलन यादव को संबंधित धाराओं में  जेल भेज दिया ।संपूर्ण क्षेत्र में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *