बालिकाओं की अभिव्यक्ति का बेहतर मंच है मीना मंच : देव भास्कर तिवारी

घोसी/मऊ। शिक्षा क्षेत्र घोसी अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय धरौली के मीना मंच द्वारा प्रधानाध्यापक डॉ. रामविलास भारती के संयोजन में मीना जन्मोत्सव एवं राज्य शिक्षक सम्मान प्राप्त शिक्षकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सबसे पहले मीना/पावर एन्जिल व अतिथियों के साथ केक काटकर मनाया गया। तथा सभी किशोरियों द्वारा मीना के चरित्र से परिचित होते हुए मीना जैसा बनने का संकल्प भी लिया गया।
मुख्य अतिथि देव भास्कर तिवारी ने कहा कि मीना मंच एक ऐसा मंच है जिस पर बालिकाएं अपनी अभिव्यक्ति आसानी से कर सकती हैं। जहाँ वे सभी अपनी झिझक को दूर कर समाज मे हो रहे रूढ़िवादिता व कुरुतियों के विरुद्ध आवाज उठाकर बेहतर समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। पूर्व जिला समन्वयक बालिका शिक्षा अखिलेश सिंह ने कहा कि डॉ. भारती द्वारा मेरे संघ राज्य स्तर पर लिए गए प्रशिक्षण का परिणाम इनके विद्यालय में स्पष्ट दिख रहा है। यहाँ की बालिकाओं द्वारा समय समय पर मीना मंच के उद्देश्यों को पूरा करते हुए जनजागरूकता व रैलियों आदि का लगातार संचालन होता रहा है जो अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणास्रोत है। डॉ. महानन्द द्विवेदी ने कहा कि मीना मंच बालिकाओ व महिला अधिकारों के प्रति बेहतर जागृति पैदा कर सकती हैं। प्रदीप वर्मा ने कहा कि मीना मंच विद्यालय एवं समाज की सकारात्मक गतिविधियों को धार देने में सहायक है।प्रधानाध्यापक डॉ. रामविलास भारती ने कहा कि मीना मंच विद्यालयों में बालिकाओं के लिए एक ऐसा मंच है जो उन्हें अपनी बात को खुलकर कहने के लिए अवसर देता है यह बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने, नियमित विद्यालय आने और लिंग आधारित भेदभाव के प्रति सजग रहने के लिए प्रोत्साहित करता है । परोक्ष रूप से बालिकाओं में आत्मविश्वास का विकास, समस्याओं का समाधान ढूंढने का कौशल एवं नेतृत्व क्षमता जैसी मूलभूत जीवन कौशल का विकास करने का अवसर देता है। इस अवसर पर डॉ. मुसीर अहमद, बालचन्द, सुनिल कुमार कन्नौजिया, फूलवन्ती शाही, ललित राहुल सहित मीना मंच की अध्यक्ष, सचिव एवं विद्यालय के छात्र – छात्राएं आदि उपस्थित रहे।

