मऊ के चार खिलाड़ियों का सब जूनियर नेशनल हैंडबाल चैंपियनशिप में चयन

( आनन्द कुमार)
मऊ। तेलंगाना में खेले जाने वाले 37वीं राष्ट्रीय सब जूनियर नेशनल बालक हैंडबाल चैंपियनशिप में मऊ जिले के चार खिलाड़ी उत्तर प्रदेश टीम का हिस्सा बनेंगे। एक साथ राष्ट्रीय खेल में मऊ जनपद के चार खिलाड़ियों का चयन होने पर खेल प्रेमियों व परिजनों में काफी हर्ष है।
07 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक तेलंगाना में खेले जाने वाले 37वीं राष्ट्रीय सब जूनियर नेशनल बालक हैंडबाल चैंपियनशिप में मऊ नगर के मुंशीपुरा मोड़ निवासी मनीष राजभर, भीटी के हरिनाथ राजभर व सोहम गुप्ता व दिव्यांश गुप्ता उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगें। ये सभी देश के तीसरे कतार यानी सब जूनियर वर्ग के खिलाड़ी हैं। ये चारों खिलाड़ी डा. भीमराव स्पोर्ट्स स्टेडियम मऊ में हैंडबाल के खिलाड़ी रहें हैं।
इनमें से गोलकीपर पर सोहम गुप्ता, पिवोट पर दिव्यांश गुप्ता, लेफ्ट विंग पर मनीष राजभर व स्टेट बैक पर हरीनाथ राजभर का चयन हुआ हैं। एक सप्ताह पहले लखनऊ के के.डी. सिंह. बाबू स्टेडियम में उत्तर प्रदेश राज्य के 22 हैंडबाल खिलाड़ी आयोजित कैम्प में शामिल हुए थे। जिसमें मऊ जिले के भी 5 खिलाड़ी थे, उनमें से बेहतर प्रदर्शन और शारीरिक स्फूर्ति के आधार चयनकर्ताओं ने मऊ जिले के इन 4 खिलाड़ी को राज्य टीम में स्थान मिला।
मऊ जनपद के खेल प्रेमियों को जैसे ही मऊ से एक साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में चार खिलाड़ियों के चयन का समाचार सुना है सभी गदगद हैं। लोगों ने कहा यह मऊ के लिए गौरव की बात है।

