खागा पुलिस ने मोबाइल व सराफा लूटकांड का किया खुलासा, गैंग के तीन सदस्यों को किया गिरफ्तार, 15 मोबाइल व चांदी के जेवरात बरामद

◆ महंगे शौक को पूरा करने के लिए लूटपाट की घटना को देते थे अंजाम- एसपी
फतेहपुर। अपने महंगे शौक को पूरा करने के लिए जनपद सहित अन्य राज्यों में लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गैंग लीडर समेत दो आरोपी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट का सामान व तमंचा बरामद किया हैं। एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले में मोबाइल लूट की घटना लगातार सामने आ रही थी। खागा कोतवाली क्षेत्र के वनपुरवा निवासी अंकित के साथ 23 नवम्बर को मोबाइल लूट की वारदात हुई थी। खागा कोतवाल आनंद शुक्ला ने अपनी टीम के साथ शुक्रवार को नौबस्ता रोड पुलिया के पास से तीन शातिर आदिल हुसैन निवासी इजूरा बुजुर्ग, जाकिर हुसैन निवासी चक फतेह मोहम्मद, संजय यादव निवासी चक हजरतपुर गौंती थाना सुल्तान पुर घोष को गिरफ्तार किया। गैंग का सरगना अख्तर हुसैन व उसका एक साथी आलम हुसैन निवासी इजुरा बुजुर्ग सुल्तानपुर घोष मौके से फरार हो गए। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने लूट के 15 मोबाइल, घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक, एक तमंचा व 230 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। एसपी ने बताया कि आरोपी आदिल व गैंग के सरगना अख्तर हुसैन ने मिलकर असोथर थाना क्षेत्र में 27 अक्टूबर को सराफा कारोबारी बृजेश सोनी के साथ भी लूटपाट की थी। एसपी ने बताया कि यह लोग अन्य राज्यों में भी लूटपाट की घटना को अंजाम देते थे। आरोपियों के खिलाफ गैंगेस्टर की कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इन आरोपियों के खिलाफ सूरत में भी लूटपाट के मामले दर्ज है।

