खास-मेहमान

पार्टी का भी साला है

“हमें घर-घर पर कब्ज़ा करना है , इस बार बूथ लेवल पर कब्जे से काम नहीं चलेगा . इस देश पर हमारी पार्टी का राज होगा तभी देश बचेगा .” नेता जी दनादन देशभक्ति के जुमलों की फायरिंग किये जा रहे थे.

“साहेब ! लोगों के बीच जाते हैं तो लोग सवाल करते हैं .” एक कार्यकर्ता बोला .

“अरे! बड़े साहेब के भाषणों का सी डी आप सबको नहीं मिला है क्या ? हमने तो बूथ लेवल तक पहुंचाने के लिए कहा था .” नेता जी बोले .

तभी उनका पी ए बोला- “सर! वो काम तो आपके साले साहब को दिया था.”

“हम्म्म…ऐसा करो . कुछ और इंतजाम करो और कल तक सबको सीडियाँ मिल जानी चाहिए …घर का मामला है .”

“साहेब ! लोग हमको कहते हैं कि एम्स कहाँ हैं ? ऑपरेशन की तारीख छह साल बाद की मिल रही है . मुकद्दमों का फैसला अब मरने के बाद भी हो जाय तो चमत्कार माना जाता है .”

“हाँ, साहेब ! लोग कानून की बात करते हैं . हर तीस मिनिट में एक मासूम शिकार होती है , हर आधे घंटे में एक औरत का रेप होता है और हर दूसरे दिन एक लडकी पर तेज़ाब फेंक देते हैं . हम लोग जब भी बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ की बात करते हैं , लोगों से खुद को बचाना पड़ता है .” एक कार्यकर्ता बोला .

“साले! लोगों की हर बात तुमको पता है , साहेब के इतने भाषण आते हैं और फिर भी तुमको सीडियां चाहियें . कैसे कार्यकर्ता हो तुम पार्टी के ?”

“साहेब ! जनता के बीच तो हम जाते हैं , जनता की बात हमको ही सुननी पड़ती है …बड़े साहब को नहीं .” कार्यकर्ता बोला .

तभी नेता जी का पी ए फ़ोन पर बात करने लगा .

“किसका फ़ोन है ? मालूम नहीं कि जरुरी मीटिंग चल रही है . ऐसा क्या जरुरी काम है जो प्रचार से भी बड़ा है .” नेता जी बोले .

“सर ! साले का फ़ोन है.”

“अरे! शिष्टाचार का ख्याल कीजिये . मीटिंग चल रही है . हम संस्कारी हैं .”

“सर! उसको महिला आयोग की टीम ने लडकियां बेचते पकड़ा है , बचाने की गुहार लगा रहा है . मीडिया को पचास खोखे और बाकी को चालीस …हाँ कह दूँ या लाइव जाने दें खबर को …” पी ए बोला .

“अबे ! हाँ कह दो साले को . राहू है मेरी कुंडली का . जीते तो सबको देख लूँगा . नब्बे करोड का इन्वेस्टमेंट और जोड़ लो खर्चे में . संस्कारों की कीमत तो पार्टी चुकायेगी ही …हा हा हा . हमारा ही नहीं …पार्टी का भी साला है .”

पी ए अपनी गोपनीयता और देश सेवा की कसम को याद कर रहा था .

शब्द मसीहा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *