अपना जिला

विश्व पर्यावरण दिवस पर बरनवाल युवा मंच ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

मऊ, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बरनवाल युवा मंच, मऊ द्वारा नगर के एक निजी विद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत आम, जामुन, लीची, अमरूद सहित हरिशंकरी के कुल 21 पौधों का रोपण किया गया। इस पहल के माध्यम से संगठन ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं पर्यावरणविद् शैलेन्द्र ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल पौधारोपण करना ही पर्यावरण संरक्षण नहीं है, बल्कि सतत विकास, विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल आदतों को अपनाना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास समय की मांग है।

बरनवाल युवा मंच के अध्यक्ष सौरभ बरनवाल ने “अपनी भूमि, अपना हाथ और अपना भविष्य” का नारा देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अभी भी पर्याप्त समय है। यदि हम समय रहते प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को नहीं समझेंगे, तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संकटग्रस्त हो सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर संगठन के कोषाध्यक्ष पंकज बरनवाल, विद्यालय प्रमुख अनुराग बरनवाल, वरिष्ठ सदस्य अंकित बरनवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष परमानंद बरनवाल, अजय बरनवाल सहित विद्यालय प्रशासन एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से बरनवाल युवा मंच ने समाज को पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *