अधिकारी सीएम डैशबोर्ड पोर्टल का नियमित करें मॉनिटरिंग : डीएम
सीएम डैशबोर्ड द्वारा जारी रैंकिंग एवं ग्रेडिंग के आधार पर विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक संपन्न
मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड द्वारा जारी रैंकिंग एवं ग्रेडिंग के आधार पर विभिन्न विभागों की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान विद्युत बिलों में सुधार हेतु प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के तहत निस्तारण न करने एवं 70 आवेदन लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को इसमें सुधार के निर्देश दिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित योजनाओं बैंक क्रेडिट लिंकेज एवम् बी सी सखी में बी ग्रेड पाए जाने पर जिलाधिकारी ने डीसी एनआरएलएम को अगले माह तक आवश्यक कार्रवाई करते हुए इन योजनाओं में ए प्लस ग्रेड लाने को कहा। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत खराब प्रदर्शन करने वाले विकास खंडों को जिलाधिकारी ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर समस्त अवशेष कार्य पूर्ण करने को कहा। इसके अलावा डीएम ने दिव्यांग पेंशन योजना, जल जीवन मिशन के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग व पंचायती राज विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान 15 वे वित्त आयोग द्वारा जारी धनराशि का पर्याप्त व्यय ना होने पर शीघ्र ही कार्य योजना तैयार कर जारी धनराशि का सदुपयोग करने के निर्देश दिए।पांचवें राज्य वित्त आयोग एवं स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेज 2 में भी बी ग्रेड होने अगले माह तक इसमें अपेक्षित सुधार करने को कहा। ऑपरेशन कायाकल्प की समीक्षा के दौरान विभिन्न नगर पंचायतो में अभी भी कार्य अवशेष होने पर संबंधित अधिशासी अधिकारियों को कायाकल्प के समस्त पैरामीटर्स के अनुसार कार्रवाई पूर्ण करने को कहा। पशुधन विभाग की समीक्षा के दौरान अंडा उत्पादन में बी,कृत्रिम गर्भाधान में डी एवं सहभागिता योजना में सी ग्रेड पे जाने पर जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्राप्ति हेतु विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में भी तहसील स्तर पर लंबित आवेदनों के निस्तारण न होने पर उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी को समय से सूचित करते हुए समस्त मामलों के निस्तारण करने को कहा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की समीक्षा के दौरान कम संख्या में आवेदनों की प्राप्ति पर जिलाधिकारी ने समस्त खंड विकास अधिकारियों को ए डी ओ समाज कल्याण के साथ बैठक कर आवेदनों की संख्या बढ़ाने तथा आवेदनों का शीघ्र सत्यापन करने को कहा,जिससे जनपद के लिए निर्धारित लक्ष्य को समय रहते पूरा किया जा सके। इसी प्रकार राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना एवं वृद्धावस्था पेंशन में आधार सीडिंग हेतु जिलाधिकारी ने ब्लॉक स्तर पर कैंप लगाते हुए समस्त करवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान अतिरिक्त ऊर्जा, उद्यान, कृषि, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, श्रम एवं सेवायोजन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, सिंचाई एवं जल संसाधन सहित अन्य विभागों की प्रगति संतोषजनक पाई गई। जिला अधिकारी ने संचालित योजनाओं में खराब प्रदर्शन करने वाले समस्त अधिकारियों को सीएम डैशबोर्ड पोर्टल का नियमित मॉनिटरिंग कर योजनाओं में प्रगति लाने को कहा, जिससे जनपद की रैंकिंग बेहतर रहे। इसके अलावा उन्होंने अंतर विभागीय योजनाओं से संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाते हुए योजनाओं के संचालन में सक्रिय भागीदारी निभाने को कहा। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रशांत नागर,जिला विकास अधिकारी उमेश चंद तिवारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

