खबरदार! चुनाव में किसी प्रकार का खलल डाला तो खैर नहीं : डीएम/एसपी

मऊ जिला प्रशासन की सख्त चेतावनी
मऊ। विधानसभा क्षेत्रों के 1962 मतदेय स्थलों पर चार विधानसभा के कुल 1699993 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग 07 मार्च दिन सोमवार को प्रात: 07 बजे से सायं 06 तक अपने-अपने बूथ पर कर मधुबन, मऊ सदर, घोसी व मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र से अपना प्रतिनिधि लखनऊ के सदन में भेज सकेंगे। शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान जिलाधिकारी अरूण कुमार ने बताया कि चुनाव की सारी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। चार विधानसभा में 115 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 11 जोनल मजिस्ट्रेट व 50 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती के साथ 150 डिजिटल कैमरा 150 वीडियो कैमरा लगाया गया। जिसके तहत जनपद की 60% से अधिक बूथों पर ऑनलाइन निगरानी रखी जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि पारदर्शी मतदान हमारा लक्ष्य होगा। अराजकतत्वों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। अराजक तत्वों पर कड़ी निगाह रखी जा रही है। मतदान के समय कोई भी अनाधिकृत गैर क्षेत्र व जनपद का व्यक्ति अगर पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही उन्होंने कहाकि फिलहाल जनपद में कोई कोरोना पॉजिटिव मरीज नहीं है। फिर भी कोविड कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। मतदान कर्मियों को ईवीएम व अन्य आवश्यक सामग्रियों के साथ कोविड कीट भी दी जाएगी। इसके साथ ही कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के प्रयोग में होने वाली सामग्रियों के सुरक्षित नष्ट करने की व्यवस्था भी की गई है।
चुनाव की सारी तैयारियां पूर्ण, उपद्रवियों पर कड़ी नजर : एसपी
संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक सुशील चन्द्रभान घुले ने बताया कि निष्पक्षता व पारदर्शिता पूर्वक मतदान प्रशासन का लक्ष्य है। जिसे किसी भी सूरत में पूर्ण कराया जाएगा। अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस हर जगह तैनात है। एसपी ने उपद्रवियों को चेतावनी देते हुए कहाकि किसी भी सूरत में हुड़दंगी व अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं होगी। बताया कि जनपद की चारों विधानसभाओं में मतदान के लिए पर्याप्त मात्रा में केंद्रीय पुलिस बल की टीमें उपलब्ध हो चुकी हैं। उन्होंने अराजक तत्वों को आगाह करते हुए कहाकि शांतिपूर्वक मतदान करना सबका अधिकार है। लेकिन उसके बाद किसी तरह की कोई हुड़दंगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान मऊ जनपद में 63 कंपनियां फोर्स पहुंच चुकी हैं, वही जनपद के 60% बूथों पर ऑनलाइन निगरानी की व्यवस्था कर दी गई है। पुलिस फोर्स के लिहाज से सेक्टर पुलिस की 115 गाड़ी, सेंट्रल पुलिस की 36 क्यूआरटी गाड़ियां, थाना की 24 क्यूआरटी गाड़ियां इसके अतिरिक्त थानाध्यक्ष व क्षेत्राधिकारी की टीम अलग से कुल मिलाकर सभी बूथों पर सेंट्रल पुलिस की मुख्य भूमिका में रहेगी। इसके साथ ही राज्य की पुलिस उनके सहयोग के लिए उपलब्ध रहेगी। जनपद में पहले से नियुक्त किसी भी पुलिसकर्मी को बूथों पर नियुक्त नहीं किया जाएगा। कुल मिलाकर सारी व्यवस्थाएं बाहरी पुलिस अधिकारियों के जिम्मे रहेगा।

