अपना जिला

जातीय जनगणना करवाकर दबे, कुचलों को उनका हक दिलाएगी सुभासपा : ओम प्रकाश राजभर

एक समान शिक्षा, अनिवार्य शिक्षा और मुफ्त शिक्षा की लड़ाई लड़ने के लिए जनता को तैयार किया जा रहा-ओम प्रकाश राजभर

मऊ। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की “सावधान यात्रा” मंगलवार को मऊ जिले में प्रवेश करने पर गुलौरी, पकवाइनार, रतनपुरा, हलधरपुर, पहसा, बलिया मोड़ में ज़ोरदार कार्यकर्ताओं ने ज़ोरदार स्वागत किया,5000 मोटरसाइकिल जुलूस के साथ ओमप्रकाश राजभर स्वयं बाइक चलाते हुए विधानसभा घोसी स्थित लाखीपुर के मैदान में पहुँचे। इस सावधान यात्रा रैली को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि बिखरा हुआ समाज कभी भी बादशाह नहीं बन सकता लेकिन वह आपस में लड़कर दूसरों को बादशाह जरूर बना देता है “कड़वा” है पर “सत्य” “संगठित” रहें एकत्रित” रहें..! राजभर व अतिपिछड़े, अतिदलित, वंचित समाज को अब कोई गुमराह नहीं कर सकता आगे कहा कि सरकारें अमीर उद्योगपतियों के एक लाख करोड़ से अधिक का कर्जा माफ कर सकती है तो गरीबों के घरेलू बिजली का बिल भी माफ किया जाना चाहिए। उनकी पार्टी मुफ्त बिजली, निशुल्क व एक समान शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, निजी और सरकारी सभी हास्पिटलों में सरकार के खर्चे पर गरीबों व आम आदमी के इलाज की लड़ाई लड़ रही है। इन मुद्दों पर जनता को जोड़ने के लिए वह पूरे प्रदेश में रैलियां कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वह देश व प्रदेश में जातीय जनगणना कराने की लड़ाई लड़ रहे हैं। उनके इस आंदोलन व मुहिम से सरकारें दबाव में हैं। जनता इस मुद्दे पर जितनी जल्दी मुखर होगी उतनी जल्दी इसे कराने में सफलता मिल जाएगी। जातीय जनगणना के माध्यम से समाज के दबे, कुचले, अति पिछड़ों, दलितों और गरीबों को उनका हक दिलाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता के लिए उनकी लड़ाई निरंतर जारी रहेगी। गरीबों की आवाज उनके माध्यम से राष्ट्रपति भवन और प्रधानमंत्री तक पहुंच रही है। और प्रधानमंत्री भी कहने लगे देश महाराजा सुहेलदेव राजभर के रास्ते पर आगे बढ़ेगा ।
उन्होंने कहा कि यह सावधान यात्रा गरीबों, वंचितों, दलितों, अति पिछड़ों को जगाने के लिए शुरू की गई है। हर रैली में लोगों का हुजूम उमड़ रहा है। यह हुजूम सरकारों को यह संदेश दे रहा है कि प्रदेश का यह वर्ग अपने हक के लिए जागरूक हो चुका है। जातीय जनगणना कराने का दबाव सरकारों पर बन रहा है। जबतक जातियों की गिनती नहीं होगी तब तक उस जाति को उसका हक नहीं मिलेगा। 1931 में जातीय जनगणना हुई थी। यह व्यवस्था संविधान में है कि हर 10 साल में जातीय जनगणना होगी, लेकिन नहीं कराई जा रही है। जब तक जातीय जनगणना नहीं हो जाएगी तब तक ओम प्रकाश राजभर ऐसे ही बाजा बजाते रहेंगे। इस मुद्दे पर बड़े बड़े पहलवानों को जमीन में दफनाने का काम सुभासपा करेगी। यह लड़ाई समाधान के लिए है।

 


ओम प्रकाश राजभर नें कहा कि आजादी के 75 साल में पहली बार राजनीति में राजभर, बिंद, प्रजापति,अर्कवंशी, बहेलिया बंजारा, खंगार जैसी जातियों की चर्चा हो रही है। अभी तक नाई, गोंड, निषाद, बिंद जैसी जातियों का प्रयोग सिर्फ वोट के लिए राजनीतिक दल करते रहे हैं, यह सावधान यात्रा इन लोगों को जगाने का काम कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब राजनीतिक दल सत्ता में रहते हैं तो उनके समझ में यह नहीं आता है कि जब नौकरी में आवेदन करता है तो पेपर एक ही होता है। हमारी पार्टी ने तय किया है कि जब देश का संविधान एक है, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एक हैं तो शिक्षा भी एक समान होनी चाहिए। सबको समान भादीगारी मिलनी चाहिए। एक शिक्षा, अनिवार्य शिक्षा और मुफ्त शिक्षा की लड़ाई लड़ने के लिए जनता को तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 5.5 साल से वह विधानसभा में हैं और 9.38 करोड़ रुपये गरीबों के इलाज के लिए दे चुके हैं। अब इस देश में एक कानून बने गरीब किसी भी जाति का हो उसके इलाज व आपरेशन का खर्च सरकार दे। लोगों को रोजगार चाहिए। आज नौजवान बेरोजगार हो रहे हैं। कक्षा चार से ही रोजगारपरक शिक्षा दी जाए। तकनीकी शिक्षा के 100 विषय बनें। रैलियों के माध्यम से जनता को जागरूक किया जाएगा कि कोई भी नेता उनके बीच आए तो उससे रोजगारपरक शिक्षा की बात करें। उदाहरण दिया कि बाइक बनाने की शिक्षा लेने वाला युवा जिस दिन पढ़ाई छोड़ेगा तत्काल रोजगार से जुड़ जाएगा।


राजभर ने बताया कि यात्रा 26 सितंबर से लखनऊ से चल रही है यह सावधान यात्रा यूपी के 75 जिलों से होते हुए 27 अक्तूबर को गांधी मैदान पटना में पहुंचेंगी जहां पर सावधान महारैली के बाद सावधान यात्रा का समापन होगा। उन्होंने बताया कि 2004 से ही उनकी पार्टी बिहार में लोकसभा और विधानसभा का चुनाव लड़ रही है। आने वाले लोकसभा चुनाव में बिहार में भी मजबूती से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि देश में अब सभी दलों को मालूम हो गया है कि ओम प्रकाश राजभर यूपी में बड़ी ताकत बन गया है। ओम प्रकाश राजभर जो सदन में बोलते हैं वही सड़क पर बोलते हैं।
हाईकोर्ट ने आदेश दे दिया है कि भर, राजभर जाति को अनुसूचित जनजाति में शामिल कर दिया जाए। मुख्यमंत्री से सारे सबूत के साथ मिला। मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव ने सीएम के सामने पूरी फाइल देखी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लड़ाई सही है। मुख्यमंत्री दिल्ली प्रस्ताव भेजने के लिए तैयार हो गए।

मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव को प्रस्ताव भेजने का आदेश दे दिया। मुख्यमंत्री जी नें सभी मंडल व ज़िले के सांख्यिकी अधिकारियों को आदेश दे दिया है इसके लिए सीएम को धन्यवाद किया,। 71 साल बाद यह प्रस्ताव लखनऊ से दिल्ली गया है। यह प्रस्ताव दिल्ली से पास कराना है। इसके लिए आगामी 2024 लोकसभा में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की लड़ाई दिल्ली के पंचायत में पहुँचाना है क्योंकि यह लड़ाई आपके बच्चों के भविष्य की है। इस मुद्दे पर लगातार सीएम से बात हो रही है। मुख्य रूप से राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ०अरविंद राजभर ,राष्ट्रीय प्रमुख प्रवक्ता अरुण राजभर, सालिक यादव, सुनील सिंह,राकेश गोंड,अमरजीत बिंद गीता राजभर, रामायण राजभर,जितेंद्र भारती, दिनेश राजभर,जयनाथ सिंह, सुरेंद्र राजभर, संतोष यादव, रुद्रप्रताप सिंह, संदीप राजभर, उमरावती सिंह, संचालन बिच्छेलाल राजभर प्रदेश अध्यक्ष पूर्वांचल नें किया अध्यक्षता रमेश राजभर ज़िलाध्यक्ष मऊ नें किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *