20 जुलाई से पूरे भारत वर्ष के ट्रांसपोर्टरों का अनिश्चितकालिन देशव्यापी चक्काजाम
मऊ। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस नई दिल्ली के आह्वान पर आगामी 20 जुलाई से पूरे भारत वर्ष के ट्रांसपोर्टर अपने ट्रको के पहिए अनिश्चितकालिन देशव्यापी चक्काजाम करने जा रहे हैं। अपने संगठन के आह्वान पर पूरे देश भर के ट्रक मालिक, ट्रांसपोर्टर अनिश्चितकालीन देशव्यापी चक्काजाम को सफल बनाने के लिए पूरे देश के कोने-कोने में जी जान से लगे हुए हैं। ट्रांसपोर्ट संघ के लोगों का कहना है कि सरकार की दमनकारी और परिवहन क्षेत्र को बर्बादी की कगार पर खड़ा करने वाली नीतियों के विरोध स्वरूप देशव्यापी चक्का जाम किया जा रहा है।
ट्रांसपोर्टरों ने स्पष्ट रुप से चेतावनी दिया है कि सरकार उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रही है इसलिए वे मजबूर होकर 20 जुलाई को देशव्यापी चक्काजाम करने जा रहे हैं। चक्का जाम कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मऊ जनपद के ट्रांसपोर्टरों की एक बैठक 10 जुलाई को नगर के शारदा नारायण हॉस्पिटल के कॉन्फ्रेंस हाल में आहूत की गई है।
बैठक की जानकारी देते हुए ट्रांसपोर्ट संघ के अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने बताया कि ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस नई दिल्ली के आह्वान पर अनिश्चितकालीन देशव्यापी चक्का जाम होगा। संगठन के बैनर पोस्टर में स्पष्ट रुप से बताया गया है कि “इस बार आर या पार” अपने बैनर में ट्रांसपोर्ट संघ ने मांग किया है कि डीजल की कीमतें कम होनी चाहिए, राष्ट्रीय स्तर पर समान मूल्य निर्धारण और डीजल कीमतों में त्रैमासिक संशोधन, भारत टोल बैरियर मुक्त हो, तृतीय पक्ष बीमा प्रीमियम टीपीपी पारदर्शिता, इस पर जीएसटी की छूट और कांप्रेहैंसिव पालिसी के माध्यम से एजेंटों को भुगतान किया जाए वह अतिरिक्त कमीशन को समाप्त करना, ट्रांसपोर्ट व्यवसाय पर टीडीएस समाप्त हो, आयकर अधिनियम की धारा 44एई में अनुमानित आय में कमी और उसको तर्कसंगत किया जाए, ई-वे बिल के नियमों में जरुरी संसोधन किया जाए आदि प्रमुख मांगे है।

