Uncategorized

हो गई प्रिया की शादी, नहीं आया कोई जनप्रतिनिधि एवं शासन का नुमाइंदा

(विकास राय)
गाजीपुर। जनपद के मुहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के फकराबाद गांव में शनिवार को आयोजित प्रिया गुप्ता की शादी में गीता मर्मज्ञ योगी आनंद, ईसाई मिशनरी के पदाधिकारी एवं प्रधानाचार्य फादर पी विक्टर, समाजसेवी सनाउल्लाह शन्नै भाई एवं सामाजिक कार्यकर्ता ब्रजभूषण दूबे आदि ने मंत्रोच्चार के बीच प्रिया को आशीर्वाद प्रदान करते हुए आगे भी हर प्रकार का सहयोग करने का वचन दिया।

नहीं आया कोई जनप्रतिनिधि एवं शासन का नुमाइंदा…

दो सप्ताह पूर्व प्रिया ने अपने हाथों से लेटर लिखते हुए अपने पिता मानिक चंद गुप्ता का अपहरण 4 साल पहले मेघालय प्रांत के वेस्ट गारो हिल्स जनपद में उग्रवादियों द्वारा किए जाने व फिरौती लेने के बाद भी मैं छोड़ने का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई माननीयों को हल्दी लगा हुआ पत्र भेजते हुए कन्यादान के लिए अपने पिता को मुक्त कराने का अनुरोध किया था। साथ ही यह भी लिखा था कि यदि वह ऐसा नहीं कर सकते तो 5 मई को इस अभागी बिटिया का वे कन्यादान ही कर दें। पत्र पंजीकृत रूप में तथा रजिस्ट्री और उन के माध्यम से भी भेजा गया था किंतु ना ही कोई संदेश आया और ना ही उनका कोई नुमाइंदा। जबकि यह सरकार ट्वीट का जबाब देने व उसपर कार्यवाही करने में अपने आपको खूब पेश करती है लेकिन रजिस्टर्ड डाक का जबाब नहीं दे पायी।

शनिवार को प्रिया के ननिहाल फकराबाद स्थित शादी समारोह में पहुंचकर योगी आनंद ने जहां वेद मंत्र के साथ बिटिया को आशीर्वाद दिया वही हार्टमन इंटर कालेज के प्रधानाचार्य और ईसाई धर्मावलंबी फादर पी विक्टर ने यीशु का संदेश पढ़कर दांपत्य जीवन के खुशहाली की कामना किया ।सामाजिक कार्यकर्ता सनाउल्लाह शन्नै भाई ने कहा कि यदि कहीं कुछ बुरा हुआ है तो आगे अल्लाह ताला दंपत्ति के लिए समस्त खुशियां अता करेगा ।

समग्र विकास इंडिया के प्रदेश उपाध्यक्ष कुंभ नाथ जायसवाल एवं छात्र नेता विवेकानंद पांडे  ने भी अपने स्तर से योगदान कर  पीड़ित परिवार के साथ  अपनी संवेदना जताया ।
 
सुजीत सिंह ने भी अपने सामाजिक संगठन के साथ शादी स्थल पर पहुंच कर योगदान किया ।

समग्र विकास इंडिया के व्याख्याता  गुल्लू  सिंह यादव ने कहा कि 4 वर्षों से मेघालय में अपहृत प्रिया के पिता मानिक चंद्र गुप्ता सहित अन्य 4 लोगों की रिहाई होने तक संगठन अपना आंदोलन जारी रखेगा ।

उक्त अवसर पर योगी आनंद, फादर पी विक्टर के अलावा सामाजिक कार्यकर्ता ब्रजभूषण दूबे, कुंभ नाथ जायसवाल, गुल्लू सिंह यादव ;पंडित मुन्ना बाबा ,शन्नै भाई, विवेकानंद पांडे, राजेश यादव ,अश्विनी दुबे ,नागेंद्र शर्मा ,शेख साहब, फराज अहमद ,विभा पाल, सुजीत सिंह आदि लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *