हे गंगा मइया तोहें पियरी चढ़इबों..गाकर मोहा दर्शकों का मन
देवकली देवलास। एक अद्भुत धार्मिक स्थल फेसबुक पेज पर प्रत्येक शनिवार और रविवार को आयोजित किये जाने वाले विभिन्न प्रकार के ऑनलाइन लाइव कार्यक्रमों के अंतर्गत शनिवार, दिनांक 26/09/2020 को गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम के लिए प्रयागराज की मूल निवासी और कर्नाटक के मंगलोर हवाईअड्डे पर सहायक महाप्रबंधक के पद पर कार्यरत श्रीमती रंजना भूषण को आमंत्रित किया गया था । श्रीमती रंजना भूषण आकाशवाणी उदयपुर में बी ग्रेड आर्टिस्ट के रूप में भी पंजीकृत हैं। उन्होंने अपने भजनों, गीतों, लोकगीतों व राजस्थानी मांड गाकर लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में पेज के एडमिन और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, प्रयागराज में राजभाषा अधिकारी तथा हिंदी व भोजपुरी के सुप्रसिद्ध कवि व मंच संचालक देवकान्त पाण्डेय ने आमंत्रित कलाकार का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया । आमंत्रित कलाकार ने कार्यक्रम की शुरुआत ‘ भजो रे मन प्रथम ही शंकर नंदा’ गणेश वंदना से की इसके बाद उन्होंने गुरु वंदना तथा सूर्यदेव को समर्पित गीत ‘सूरज रे जलते रहना’, किसानों को समर्पित गीत, राजस्थानी गीत ‘ केसरिया बालम, पधारो म्हारे देश’ एवं भोजपुरी गीत ‘चलीं चलीं सजना मोर, खेतवा किनार’ आदि गीत गाकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। दर्शकों ने अपने कमेन्ट के माध्यम से उनके गायन की बहुत सराहना की । विशेषकर ‘हे गंगा मइया तोहें पियरी चढइबों’ व उनके पति कवि रविन्द्र भूषण द्वारा रचित गीत ‘तुम बस प्यार भरो जीवन में’ को दर्शकों ने खूब सराहा । साथ ही उन्होंने देवकली देवलास का इतिहास बताते हुए इस पवित्र स्थल को प्रसिद्ध बनाने के लिए देवकान्त पाण्डेय द्वारा किये जा रहे इस प्रयास की खूब सराहना की । उल्लेखनीय है कि देवकली देवलास: एक अद्भुत धार्मिक स्थल नामक यह फेसबुक पेज इस पवित्र स्थल को प्रसिद्ध करने और इसे बेहतरीन पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कला, शिक्षा, रोजगार, कृषि आदि के क्षेत्र में जागरूकता फैलाने की दृष्टि से एवं विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को इस मंच पर लाकर उन्हें आगे बढ़ाने में उनका मार्गदर्शन व सहयोग करने के उद्देश्य से बनाया गया है ।

