मऊ में 01 जून से 18 से 44 साल के लोगों कख टीकाकरण, कुछ खास बातों का रखें ध्यान
■ ऑनलाइन पंजीकरण से ही होगा टीकाकरण – जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
मऊ। जनपद में एक जून (मंगलवार) से 18 से 44 वर्ष के लोगों का टीकाकरण शुरू किया जायेगा । इस संबंध में अपर मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन अमित मोहन प्रसाद का पत्र जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्राप्त हो चुका है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ सतीश चंद्र सिंह ने बताया – शासन द्वारा इस संबंध में पत्र प्राप्त हो चुका है और मंगलवार से जनपद में 18 से 44 वर्ष के लोगों का टीकाकरण शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया – पत्र के अनुसार कम आबादी वाले जनपदों में हर दिवस में कम से कम 1000 नागरिकों का टीकाकरण किया जाना सुनिश्चित करना है। कुछ नये सत्र स्थलों का चयन किया जा रहा है। इन स्थानों में जनपद न्यायालय तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग कार्यालय जहां मीडिया प्रतिनिधियों का टीकाकरण किया जाना सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही सरकारी कार्यालयों के लिए दो सत्र आयोजित किए जाएंगे।
सीएमओ ने कहा – इन बातों का ध्यान रखें कि कोविड-19 का यह टीका सबसे सुरक्षित टीका है। यह शरीर पर किसी तरह का गंभीर प्रभाव नहीं छोड़ता है। – यदि किसी को कोरोना का टीका लगने के बाद हलकी-फुल्की तबीयत ठीक न लगे, थकान महसूस हो , कंपकंपी या बुखार सा महसूस हो , सिर दर्द, मितली, जोड़ो या मांसपेशियों में दर्द जैसी समस्या आए तो इसका मतलब यह है कि टीका शरीर पर अपना असर कर रहा है। गंभीर समस्या होने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर चिकित्सक से परामर्श ले सकते हैं । इसके अलावा जिले में 45 वर्ष के ऊपर के लोगों का टीकाकरण भी चलता रहेगा। यह टीकाकरण सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर किया जा रहा है जो कि पूरी तरह से निःशुल्क है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ बीके यादव ने बताया – जिले में 18 से 44 वर्ष तक के लोगों या उसके ऊपर के उम्र के सभी लोगों के टीकाकरण के लिये ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य है।
लाभार्थी टीका लगवाने से पहले दें पूरी जानकारी –
टीका लगवाने से पूर्व यदि एलर्जी, बुखार, रक्त बहने या रक्त पतला करने की कोई दवा ले रहे हैं, या प्रतिरक्षा क्षमता कम है तो संबंधित स्वास्थ्य अधिकारी को जानकारी दें। गर्भवती या स्तनपान करा रही महिलाओं को भी टीका लेने से पहले स्वास्थ्य अधिकारी पूरी जानकार देनी चाहिए। सीरम इंस्टीट्यूट की फैक्टशीट के अनुसार कोविशील्ड टीका 18 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों के लिए है। यह टीका उन लोगों को नहीं लगना है जिन्हें पहली खुराक के बाद गंभीर रूप से एलर्जी हुई हो। इसके लिए चिकित्सक से परामर्श लें।
लाभार्थी को कोविशील्ड से जुड़े प्रतिकूल प्रभाओं को लेकर सामान्य तौर पर थकान महसूस होना, कंपकंपी या बुखार सा महसूस होना, सिर दर्द, की शिकायत आम हो सकती है। वैक्सीन लगने के बाद कुछ घंटों में यदि कोई साइड इफेक्ट दिखता है तो इस बारे में वैक्सीन लगाने वाले को तत्काल जानकारी दें या जिला कोविड-19 कंट्रोल एंड कमांड सेंटर पर बने टोल फ्री 1077, हेल्प-लाइन नंबर 0547-2221565, प्रदेश हेल्प लाइन नंबर 104 पर सम्पर्क करें।

