मऊ के स्थानान्तरित SP को दी गई भावभीनी विदाई
● जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने प्रदान किया बुके व स्मृति चिन्ह
● विदाई समारोह के दौरान भावविभोर दिखे उच्चाधिकारीगण
(चंद्रशेखर श्रीवास्तव )
मऊ । प्रतापगढ़ के लिए स्थानान्तरित पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य को मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में भावभीनी विदाई दिया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी समेत अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने उन्हें स्मृति चिन्ह व बुके प्रदान करके भावभीनी विदाई दिया।
विदाई समारोह को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने अपने कार्यकाल के दौरान जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को काफी चुस्त-दुरुस्त कर दिया है। विदाई समारोह को सम्बोधित करते हुए प्रतापगढ़ के लिए स्थानान्तरित पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा कि मऊ जिले में उनका कार्यकाल एक साल दो माह तक रहा। इस दौरान उन्होंने जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए काफी प्रयास किया। इसमें सभी पुलिस अधिकारियों का सहयोग काफी सराहनीय रहा है। साथ ही साथ उन्होंने कहा कि जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी काफी सराहनीय योगदान प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि एक साल दो माह के कार्यकाल के दौरान उन्हें जिले के सभी वर्ग के लोगों से कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने में काफी सहयोग मिला है। अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के नेतृत्व में मऊ पुलिस टीम ने काफी बेहतर व उत्कृष्ट कार्य किया है। इसकी जितनी भी सराहना किया जाए वह कम है। विदाई समारोह के दौरान सभी क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष समेत सभी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

