अपना जिला

दवा व्यवसायी के कर्मचारी को लूटने में विफल होने लूटेरों ने मारी गोली, मऊ में भर्ती

■ घायल कर्मचारी का इलाज मऊ जिले के शारदा नारायण अस्पताल में जारी

बिल्थरारोड/बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के करीमपुर गांव के पास बाइक सवार लुटेरों ने पिकप से वापस जा रहे दवा व्यवसायी के कर्मचारी को ओवरटेक कर लूटने में असफल रहने पर उसे गोली मारकर फरार हो गए । सूचना मिलने पर घायल कर्मचारी को सीएचसी सीयर ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मऊ के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज शारदा नारायण अस्पताल में किया जा रहा है। उधर घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी विजय पाल सिंह व एसएचओ उभांव ने अस्पताल पहुंच कर घायल से घटना की जानकारी ली। इस मामले में पुलिस ने पिकप चालक से पूछताछ के बाद 2 अज्ञात लोगों के खिलाफ 307 सहित संबन्धित धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। की जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक घायल का इलाज मऊ के एक निजी अस्पताल में जारी था।

घटना के अनुसार बलिया के बिशुनीपुर स्थित अर्चना मेडिकल स्टोर दवा का कर्मचारी अवधेश कुमार सिंह निवासी मैनीटार थाना बांसडीह एक पिकप से दवा का वितरण करने बुधवार को बिल्थरारोड क्षेत्र में आया हुआ था। शाम को जब वह दवा वितरण के बाद तगादा कर शाम 5 बजे पिकप से वापस जा रहा था कि करीमपुर गांव के सामने एक बाइक पर सवार दो युवकों ने ओवरटेक कर वाहन रोकने को कहा उनके इशारे पर चालक ने वाहन रोक दिया। वाहन रूकते ही बाइक सवार लुटेरों ने पहले अवधेश से एक मेडिकल स्टोर पर दवा न देने संबंधी बातचीत की। कर्मचारी द्वारा ऐसे किसी मेडिकल स्टोर से व्यवसायिक सम्बन्ध न होने की बात कहे जाने पर लुटेरों द्वारा तमंचा निकाल कर कर्मचारी से वसूली के रुपए छीनने का प्रयास किया गया। कर्मचारी द्वारा इसका विरोध करने पर लुटेरे ने उसके बाये पैर के जंघे के नीचे तमंचा सटाकर गोली चला दी गई तथा तमंचे की मुठिया से उसके सिर के पिछले भाग में प्रहार कर दिया गया। कर्मचारी के चिल्लाने पर लोगों को उस तरफ आता देख लुटेरों ने वहां से भागने के पूर्व कर्मचारी के पैर के पीछे चार गोली और मार दी। घायल कर्मचारी ने अपने साथ हुई पूरे घटनाक्रम की जानकारी मोबाइल फोन से अपने मालिक को दी। इस दौरान उसने उधर से गुजर रहे लोगों से अस्पताल ले जाने की भी गुहार लगाई। परन्तु खून से लथपथ कर्मचारी की वहां पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मदद नहीं की। उधर बलिया स्थित दवा व्यवसायी वरुण तिवारी ने अपने कर्मचारी की सहायता करने के लिए बिल्थरारोड स्थित अपने परिचित डीएन सूर्या अस्पताल में फोन किया। जानकारी मिलते ही अस्पताल के अनुपम चंद पांडेय तुरंत बाइक से घटना स्थल पहुंचे तथा लहुलुहान कर्मचारी को सीएचसी सीयर ले गये जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे मऊ के लिए रेफर कर दिया।

मोबाइल की रोशनी में घायल से पूछताछ करते एएसपी

जनप्रतिनिधियों के दावों के बाद भी बदहाल है सीएचसी सीयर मोबाइल की रोशनी में हुआ घायल कर्मचारी का इलाज….

बिल्थरारोड। प्रदेश सरकार या उसके जनप्रतिनिधि चाहे लाख सरकारी अस्पताल में सुविधा बढ़ने का दावा करें, परन्तु सच्चाई इससे कोसों दूर है। बुधवार को सीएचसी सीयर का नजारा चीख-चीख कर इसकी पुष्टि कर रहा था। अस्पताल में एक तरफ आकाशीय बिजली से झुलसे जहां 5 व्यक्ति जीवन-मृत्यु से संघर्ष कर रहे थे वहीं लुटेरों की गोली से घायल कर्मचारी भी दर्द से तड़प रहा था। इनके अलावा अस्पताल में उस वक्त अन्य गंभीर रूप से बीमार मरीज भी पहुंचे थे। इतनी संख्या होने के बावजूद सिर्फ़ एक चिकित्सक डा. सादिक ही वहां उपस्थित नजर आए। वही चिकित्सक अकेले इतने मरीजों के बीच संघर्षरत रहे। अस्पताल की स्थिति यह रही शाम को लुटेरों की गोली से घायल कर्मचारी एवं अन्य मरीज बिजली न होने की स्थिति में मोबाइल फोन के सहारे अपने इलाज को मजबूर थे। वहीं अस्पताल में रखा जनरेटर वहां की व्यवस्था को मुंह चिढ़ाता नजर आ रहा था। घटना की जानकारी के बाद अस्पताल पहुंचे एएसपी विजय पाल सिंह भी घायल से मोबाइल की रोशनी में पूछताछ करने को मजबूर हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *