एपीएस के क्रीड़ा उत्सव में ब्लू हाउस 20 गोल्ड, 13 सिल्वर, 11 ब्रान्ज़ पाकर रहा अव्वल
मऊ। अमृत पब्लिक स्कूल, मऊ का दो दिवसीय वार्षिक क्रीड़ा उत्सव का भव्य समापन समारोह सोमवार को सम्पन्न हुआ। विद्यालय के वार्षिक क्रीड़ा उत्सव के अवसर पर अंतर-सदनीय खेलकूद प्रतियोगिता का उद्घाटन के मुख्य अतिथि जिला क्रीड़ाअधिकारी अतुल सिंहा एवं विशिष्ट अतिथि ओमेन्द्र सिंह (जॉइंट सेक्रेटरी, उत्तर प्रदेश हॉकी एसोसिएशन) ने संयुक्त रूप से मशाल जलाकर किया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को सम्बोधित करते हुए अतुल सिन्हा ने कहा कि विद्यार्थियों को चाहिए कि वे उपलब्ध संसाधनों व अवसरों का भरपूर उपयोग करते हुए देश का खेल जगत में नाम रोशन करें। खेलों में खेल भावना से स्व-अनुशासन का विकास होता है, वहीं पढ़ाई के साथ-साथ खेल हमारे अच्छे स्वास्थ्य व मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। इसी क्रम में, खेल प्रतियोगिता से पूर्व रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत स्वागत गीत, समूह नृत्य व विभिन्न प्रकार के शास्त्रीय गान एवं नृत्य प्रस्तुत किए गए।
मशाल प्रज्वलन व ध्वजारोहण के बाद वार्षिक खेल दिवस के अवसर पर चयनित कुल 16 प्रकार के खेल (एथलीट -100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 200 मीटर रिले दौड़, कबड्डी खो-खो, बैडमिंटन, कैरम, चेस, बालीबाल, टग आफ वार, शॉटपुट, लॉन्ग जंप, मार्च पास्ट, इत्यादि प्रतियोगिताओं में विद्यालय के 4 सदनों ने क्रमशः ब्लू हाउस – 20 गोल्ड, 13 सिल्वर, 11 ब्रान्ज़, ग्रीन हाउस – 19 गोल्ड, 14 सिल्वर, 13 ब्रान्ज़, येलो हाउस – 14 गोल्ड, 16 सिल्वर, 19 ब्रान्ज़, एवं रेड हाउस – 11 गोल्ड, 23 सिल्वर, 14 ब्रान्ज़ अर्जित किए। विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण पत्र तथा पारितोषिक वितरित किए गए। धन्यवाद ज्ञापन की परंपरा का निर्वहन करते हुए विद्यालय की प्रधानाध्यापिका डॉ० माया सिंह ने विद्यार्थियों के सुनहरे भविष्य की कामना की।
अंत में विद्यालय प्रबंधक ब्रह्मदेव सिंह ने विद्यार्थोयो को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष क्रीड़ा का वार्षिक महोत्सव होता है किंतु उसका प्रभाव विद्यार्थियो पर वर्ष भर रहता है। पारितोषिक प्राप्त करने के लिए सभी विद्यार्थी परिश्रम करते हैं। अनुशासन सिखाता है और सामूहिक रूप से कार्य करने की भावना उत्पन्न करता है। खेल से एक अच्छे नागरिक बनने की हमें शिक्षा मिलती है, जिससे देश का विकास संभव हो पाता है। इस कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकगण एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

