हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से विधवा की दर्दनाक मौत, गरीबी में तीन बच्चे और बूढ़ी सास की बढ़ी परेशानी
रतनपुरा/मऊ। हलधरपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर स्थित नई बस्ती में एक विधवा के 11,000 हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई! यह दर्दनाक हादसा रामनवमी के दिन प्रातः 4:00 बजे के लगभग घटित हुआ।
बताया जाता है कि विधवा ममता देवी 35 वर्ष प्रातः 4:00 बजे के लगभग वह घर से पूजा करने के लिए जैसे ही बाहर निकली, उसके दरवाजे के सामने 11000 वोल्टेज का तार टूटकर गिरा पड़ा था, उसी की चपेट में आ गई, और घटनास्थल पर ही झुलसकर मर गई। धमाके की आवाज जब आसपास के लोगों ने सुनी तो वे लोग तत्काल मौके पर पहुंच गए, तो देखा कि ममता तार की चपेट में आकर के मौत की शिकार हो चुकी है !गरीब विधवा की मौत से नई बस्ती में मातम पसर गया। अब इस परिवार में 4 लोगों के जीवन यापन को लेकर के प्रश्नचिन्ह खड़ा हो गया है। विधवा ममता देवी अंबर चरखा चलाकर के अपना और अपने परिवार का भरण पोषण कर रही थी। जिसमें उसकी सास मूर्ति देवी 75 वर्ष पत्नी स्वर्गीय गुलाब चंद साहू, उसके पुत्र उदय कुमार 12 वर्ष कुमारी संजना गुप्ता 9 वर्ष तथा अभय कुमार गुप्ता 8 वर्ष है। जिनके भरण-पोषण को लेकर के एक सवाल खड़ा हो गया है।
उल्लेखनीय है कि ममता के पति विनोद कुमार गुप्ता की बीमारी के चलते 2 वर्ष पूर्व ही मौत हो चुकी है। जिससे पूरे परिवार की जिम्मेदारी ममता के ऊपर थी। घटना की सूचना आसपास के लोगों ने तत्काल 100 नंबर पुलिस को दी, तथा विद्युत उपकेंद्र को सूचना देकर के विद्युत आपूर्ति बंद कराया। इधर सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शमीम अहमद एडवोकेट ,चौकी प्रभारी रतनपुरा चंद्र भूषण पांडे तथा थानाध्यक्ष हलधरपुर कमलेश कुमार त्रिपाठी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर रहे हैं। ग्रामीणों द्वारा मृतक के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग उप जिलाधिकारी सदर से की है।

