यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी ने ड्राइवर को पीटा, लगाया वसूली का आरोप
लखनऊ। यूपी के योगी सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्री व मऊ के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल नंदी पर उन्हीं के सरकारी ड्राइवर अर्जुन सिंह कुशवाहा ने मारपीट और बदसलूकी का आरोप लगाया है। हालांकि मंत्री ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि वह अवैध वसूली करता था। जिसकी शिकायत की गई थी और कार्रवाई के डर से उसने यह आरोप लगाया है। इस बीच चालक संघ ने ड्राइवर की पिटाई के विरोध में कालिदास मार्ग स्थित नंदी के सरकारी आवास का घेराव भी किया।
ड्राइवर अर्जुन सिंह का आरोप है कि सोमवार शाम मंत्री ने उससे सरकारी गाड़ी से इलाहाबाद चलने को कहा, लेकिन ड्राइवर अर्जुन ने फूलपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव के चलते आचार संहिता का हवाला देते हुए जाने से मना कर दिया। अर्जुन का आरोप है कि इस बात पर नाराज होकर मंत्री ने उनकी पिटाई कर दी और जमकर बदसलूकी की।
घटना के बाद अर्जुन भागकर राज्य संपत्ति विभाग के दफ्तर पहुंचा और पूरी बात बताई. मोटर चालाक संघ के अध्यक्ष सतीश शर्मा ने बताया कि मामला सामने आने के बाद वे लोग मंत्री आवास पहुंचे। लेकिन मंत्री के न होने की वजह से घेराव किया।
वहीं मंत्री नंदी ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से अर्जुन पर अवैध वसूली की शिकायत मिल रही थी। जिसके बाद उन्होंने अपने निजी सचिव को निर्देश दिया कि अर्जुन को हटाने के लिए उच्च अधिकारीयों को पत्र लिखें।साथ ही अवैध वसूली की जांच कर कार्रवाई के लिए भी लिखा था। अर्जुन को इस बात की भनक लग गई तो वह भड़क गया। वह यूनियनबाजी की धमकी देने लगा। उन्होंने कहा कि अर्जुन की शिकायत उसके विभाग से की गई है। मामले में अनियमितता की जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।

