पालकी ने कहा कि नगर पालिका को पूरी तरह से विकसित बनाने के लिये सभी वार्डाें में जमीनी स्तर पर कार्य कराये जा रहे हैं
मऊ। नगर क्षेत्र स्थित वार्ड नं0 27 मु0 डोमनपुरा पश्चिमी में सलमान फारसी मस्जिद से इरसाद अम्बर व नाला तक लगभग 9.42 लाख रुपये की लागत से निर्मित नाली, रिटेनिंगवाल व सी0सी0 इण्टरलाकिंग तथा वार्ड नं0 02 बड़ा पोखरा सलाहाबाद मोड़ श्री रामरुप यादव से श्री परशुराम यादव व श्री रामचन्द्र यादव तक लगभग 11.80 लाख रुपये की लागत से निर्मित नाली व सी0सी0इण्टरलाकिंग कार्यों का लोकार्पण पालिकाध्यक्ष मु0 तय्यब पालकी के कर कमलो द्वारा सम्पन्न हुआ। लोकार्पण के समय उपस्थित वार्ड सभासदों श्री नसीम अहमद, अम्बरीश भारती एवं क्षेत्रवासियों ने पालिकाध्यक्ष तय्यब पालकी का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। क्षेत्रवासियों ने कहा कि पालिकाध्यक्ष श्री पालकी ने हमारे क्षेत्र में रास्ता निर्माण का सराहनीय कार्य कराया है। जिससे लोगो को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष मु0 तय्यब पालकी ने कहा कि नगर को पूरी तरह से विकसित बनाने के लिये सभी वार्डाें में जमीनी स्तर पर कार्य कराये जा रहे हैं ताकि नगर को मूलभूत सुविधाओं से युक्त किया जा सके। उन्होने कहा कि नगर वासियों को बेहतर नागरिक सुविधा उपलब्ध कराने के लिये पुरे नगर में बेहतर प्रकाश, पेयजल की समुचित व्यवस्था की जा रही है, साथ ही आवागमन को सुचारू एवं सुरक्षित बनाने के लिये नगर के हर वार्ड में नाली, रास्ता, खड़ंजा, इण्टरलाकिंग आदि का कार्य कराया जा रहा है। पालिकाध्यक्ष ने लोगो को जागरूक करते हुये कहा कि नगरवासियों के स्वास्थ्य की रक्षा एवं नगर को प्रदूषण से मुक्त बनाने में भी हम पहल कर रहे हैं। इसके लिये पालिका द्वारा नगर के विभिन्न स्थानो व मलिन बस्तीयों में सार्वजनिक/सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया गया है। इसका उद्देश्य यह है कि आप को घर के बाहर भी पूर्ण रूप से शौच की सुविधा प्राप्त रहे तथा लोगो को शौच के लिये इधर-उधर भटकना न पड़े। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान समय में पालिका परिषद द्वारा विशेष अभियान चलाकर संचारी रोगों जैसेः- डेंगू, मलेरिया, दिमागी बुखार आदि के बचाव हेतु लोगों जागरुक करने के साथ ही नगर के प्रत्येक नालियों की सफाई कर मैलेथियान, ब्लीचिंग आदि दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है एवं नगर के प्रत्येक वार्डों में मच्छर मार दवाओं का छिड़काव भी युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है। श्री पालकी नेे नागरिकों से निवेदन में कहा कि नगर को स्वच्छ-सुन्दर बनाने में पालिका का साथ दें। अपने घरों से कूड़ा समय से निकालें, दूसरों को भी इसके लिये प्रेरित करें और घरों से निकलने वाला कूड़ा पालिका सफाई कर्मियों के हवाले कर दें। श्री पालकी ने कहा कि पालिका द्वारा कूड़ा उठा लिये जाने के बाद दोबारा कूड़ा बाहर न निकालें क्योंकि इससे पहले की जा चुकी सफाई पर बुरा प्रभाव पड़ता है। नाला/नालियों में कूड़ा-करकट प्लास्टिक आदि न फेके। इससे जल निकासी में बाधा उत्पन्न होती है। जो हमारे स्वास्थ्य के लिये भी हानिकारक है। उन्होंने अवाम को प्रेरणा देते हुये कहा कि हमें सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिये क्यों कि गन्दगी से संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका बनी रहती है, जिस के लिये नगर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर वार्ड सभासद नसीम अहमद, अम्बरीश भारती, आदि के इलावा क्षेत्रीय लोग उपस्थित थें

