अपना जिला

घोसी में मतगणना की सारी व्यवस्था पूर्ण, अफवाह वाजों पर विशेष नजर

मऊ। घोसी लोकसभा 2019 का मतगणना गुरूवार को प्रात: 8 बजे से कृषि उत्पादन मण्डी समिति भुजौटी के परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रारम्भ होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने पत्रकारों को बताया कि मतगणना के लिए समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से मतगणना प्रक्रिया संपादित की जाएगी। ईवीएम सुरक्षित रूप में भारी सुरक्षा व्यवस्था में स्ट्रॉग रूम में रखी हुई है। सुबह स्ट्रॉंग रूम का सील लोकसभा के प्रत्याशियों व उनके अभिकर्ताओं के समक्ष खोले जाएंगे। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गणना होगी। इसके बाद ईटीपीबीएस के जरिए सेवा नियोजित मतदाताओं से प्राप्त मतपत्रों की गणना की जाएगी। इसके बाद 8.30 बजे से ईवीएम की गणना प्रारम्भ होगी। मतगणना हॉल में सभी गणना टेबलों पर पूर्व का राउण्ड पूर्ण होने पर ही अगला राउण्ड प्रारम्भ किया जाएगा। श्री त्रिपाठी ने बताया कि रेण्डम तरीके से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की 5 ईवीएम व वीवीपैट पर्चियों को मिलान किया जाएगा। जिला अधिकारी ने बताया कि ईवीएम को लेकर किसी भी प्रकार का अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है। कोई भी व्यक्ति अगर अफवाह फैलाते वक्त पाया जाएगा तो उसके साथ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आजमगढ़ में जो युवक अफवाह को लेकर पकड़ा गया है, उसे मऊ की टीम द्वारा सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग करते हुए आजमगढ़ पुलिस को सूचना दिया गया था जिसके बाद वह पकड़ में आया। उन्होंने मऊ के लोगों से कहा कि जिला प्रशासन एवं निर्वाचन आयोग पूरी ईमानदारी के साथ मतगणना संपन्न कराने के लिए कटिबद्ध है। लोग अफवाह से बचें एवं ऐसे लोगों के ऊपर नजर रखें, ऐसे व्यक्ति के बारे में प्रशासन को सूचना दें। कहा कि मतगणना में शामिल लोग समय से पंहुचे। कोई व्यक्ति पान, गुटखा, तरल पदार्थ आदि लेकर मतगणना स्थल पर न आए। मोबाइल का फोन वर्जित है। एजेन्ट सिर्फ कैलकुलेटर लेकर आ सकते हैं ।
पत्रकारों को पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र बहादुर ने बताया कि धारा 144 के तहत बिना अनुमति के किसी भी प्रकार के विजय जुलूस आदि पर प्रतिबंध रहेगा। हथियार लेकर चलना पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। मतगणना के दौरान कृषि मंडी में त्रिस्तरीय सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। बिना प्रवेश पास के किसी को भी मतगणना स्थल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ज़िला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मीडिया सेंटर में प्रवेश के लिए मीडिया कर्मियों को पास जारी कर दिए गए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *