अमेरिका में एमबीबीएस की पढ़ाई हेतु मऊ के वैभव को एक करोड़ की स्काॅलरशिप
(आनन्द कुमार)
मऊ। कहते हैं ना कि इरादा मजबूत हो, दृढ़संकल्प से भरा हो तो मंजिल दूर होकर भी पास लगती है। सपनों की उड़ान जब सात समंदर पार भी सच होने लगे, तो फिर क्या कहने। शिक्षा के क्षेत्र में अति पिछड़े क्षेत्र मऊ का कोई माटी का लाल जब उच्च पढ़ाई के लिए अमेरिका जैसे शहर में एक करोड़ स्कालरशिप के साथ चयनित हो तो, यह मऊ के लिए गर्व.की बात है, झूमने की बात है। मऊ जनपद के बगली पिजड़ा निवासी राजीव कुमार सिंह के पुत्र वैभव प्रताप सिंह ने यह इतिहास रच मऊ की भावी पीढ़ी के लिए जोश, जुनून व उमंग दे दिया है कि वे भी मजबूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहें, मंजिल अवश्य मिलेगी।
जनपद के बगली पिजड़ा निवासी उत्तर प्रदेश सरकार में सिंचाई विभाग में अधिशासी अभियंता राजीव कुमार सिंह व श्रीमती विभा सिंह के छोटे पुत्र वैभव प्रताप सिंह की शिक्षा दीक्षा लखनऊ के सीएमएस में ही हुयी है। शुरु से ही वैभव पढ़ने में होनहार रहा है। उसके बड़े भाई मयंक प्रताप सिंह चेन्नई एसआरएम से एमटेक की पढ़ाई कर रहे हैं।
लखनऊ के सिटी मोन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर (प्रथम कैम्पस) के मेधावी छात्र वैभव प्रताप सिंह उच्च शिक्षा हेतु अमेरिका की ड्रेक्सल युनिवर्सिटी में चयनित होकर विद्यालय सहित मऊ का नाम गौरवान्वित किया है। अमेरिका के ड्रेक्सल युनिवर्सिटी द्वारा वैभव को एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए, चार वर्षीय शिक्षा अवधि के दौरान 1,57,200 अमेरिकी डालर अर्थात लगभग एक करोड़ रूपये की स्काॅलरशिप प्रदान की जायेगी। सी.एम.एस. के मुख्य जन-सम्पर्क अधिकारी हरि ओम शर्मा ने बताया कि वैभव ने इस प्रख्यात यूनिवर्सिटी में अपनी मेहनत, लगन व शैक्षिक प्रतिभा की बदौलत उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्राप्त किया है तथापि इस उपलब्धि का श्रेय सी.एम.एस. को देते हुए विद्यालय का आभार व्यक्त किया है। श्री शर्मा ने बताया कि विद्यालय के संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा. जगदीश गाँधी ने इस मेधावी छात्र को बधाई देते हुए विद्यालय के विद्वान व कर्तव्यनिष्ठ शिक्षकों का आभार व्यक्त किया है।
सी.एम.एस. प्रेसीडेन्ट प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने वैभव की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सी.एम.एस. छात्रों के दृष्टिकोण व्यापक बनाने व उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने हेतु सदैव प्रयासरत है और इसी कड़ी में छात्रों को विदेशों में उच्चशिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान कर रहा है। सी.एम.एस. प्रदेश में एकमात्र सैट सेन्टर है जो छात्रों की प्रतिभा एवं योग्यता को निखारकर विश्व के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में स्काॅलरशिप के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद कर रहा है।
श्री शर्मा ने आगे कहा कि विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी सी.एम.एस. के मेधावी छात्रों को विश्व के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों द्वारा उच्च शिक्षा प्राप्त करने के प्रस्ताव लगातार मिल रहे हैं। उम्मीद है कि विगत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष अधिकाधिक छात्र विदेशों के सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा हेतु चयनित होंगे।
वैभव प्रताप सिंह के इस सफलता के बाद उनके सहपाठियों के साथ-साथ सीएमएस लखनऊ के सभी कैम्पस के छात्र व छात्राओं में खुशी का माहौल है। उधर मऊ में गांव पर बाबा नरेन्द्र नाथ सिंह व ननिहाल बकवल में नाना रमाशंकर सिंह सहित सभी रिश्ते में लोग परिजन व शुभचिंतक वैभव के इस सफलता पर फूले नहीं समां रहे हैं। वैभव का कहना कि इस सफलता का श्रेय मां, पिता सहित सभी परिजनों व गुरुजनों को देते हैं। कहा कि सभी के आशीर्वाद की बदौलत यह सम्भव हो सका है। वैभव प्रताप सिंह ने छात्र-छात्राओं को कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति वह मेहनत से किसी भी मंजिल को पा सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह मेहनत तन-मन से करें निराशा से कभी नहीं, किसी मंजिल को पाने से कोई रोक नहीं सकता।बधाई देने वालों में रविन्द्र सिंह, रमेश दूबे, सत्येंद्र सिंह, प्रेम सिंह, सचिन्द्र सिंह, अभय वीर सिंह, मनीष राय, सभासद मुकेश सिंह, दिनेश सिंह, एडवोकेट श्री प्रकाश यादव, शिक्षाविद डा. अमित सिंह, प्रदीप कुमार सिंह आदि रहे।
वैभव प्रताप सिंह जी आपको “अपना-मऊ” की पूरी टीम की तरफ से हार्दिक बधाई। आशा और विश्वास है कि आप सफलता की सीढ़ियों पर ऐसे ही चढ़ते रहेंगे और “अपना-मऊ” का नाम ऊंचा करते रहेंगे।


Mau ka NaamRoshan karnewale
HonharVaibhavSingh ko hardikkBadhai.