योग साधको को जोड़ों के दर्द से निजात पाने के लिए सूक्ष्म व्यायाम का अभ्यास
मऊ। पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के तत्वाधान एवं युवा भारत जनपद मऊ के नेतृत्व में सदर तहसील के फैजुल्लापुर गांव में चल रहे पांच दिवसीय निशुल्क योग शिविर के तीसरे दिन सायं कालीन की सभा में योग प्रचारक धर्मेन्द्र कुमार योगी ने योग साधको को जोड़ों के दर्द से निजात पाने के लिए सूक्ष्म व्यायाम का अभ्यास कराया तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति, नशे से मुक्त रहने के प्रति, स्वदेशी के प्रति, आयुर्वेद के प्रति जागरुक किया तथा योगसाधकों को सम्बोधित करते हुए योगप्रचारक धर्मेन्द्र योगी ने कहा कि हम सभी क् भीतर अग्नि जैसा तेज, वायु जैसा वेग, अकाश जैसी भव्यता, पृथ्वी जैसी धैर्यता, और जल जैसी शीतलता होनी चाहिए।

इस सांयकालीन सभा में युवा भारत प्रभारी बृजमोहन का शुभागमन हुआ। बृजमोहन ने योग साधकों को योग की समस्त विधा से अवगत कराया तथा योग किस प्रकार से हमें शारीरीक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखता है इसके बारे में विस्तार से बताया। युवा वर्ग को संबोधित करते हुए बृजमोहन ने कहा कि आज समाज में युवाओं को बहकाने के लिए तमाम नशे का सेवन करने के लिए विज्ञापन, मांस का सेवन करने के लिए विज्ञापन, व्याभिचार, अत्याचार और भ्रष्टाचार जो कदम -कदम पर देखने को मिल रहा है इससे युवा वर्ग विघटित हो रहा है और अपने मार्ग का चयन करने में असमंजस की स्थिति में है, यदि इस स्थिति से निजात पाना है? इस अवसादी, प्रमादी, भ्रष्टाचारी माहौल को सुधारना है और अपने जीवन को सवारना है तो हमें योग की शरण में आना होगा। श्रद्धेय स्वामी रामदेव जी के द्वारा चलाए जा रहे अभियान युवा भारत से जुड़कर स्वयं स्वस्थ, सशक्त, मानसिक एवं शारीरीक रूप से मजबूत होना होगा तब हम कहीं जाकर अपने परिवार समाज और देश के लिए कुछ कर पाएंगे। इस अवसर पर राजन विश्वकर्मा एवं इस शिविर के आयोजक अवनीश राय साथ में संजय कुमार राय, सिण्टू राय, विपिन राय रवि प्रकाश इत्यादि के साथ सैकड़ों की संख्या में बड़े बुजुर्ग माताएं बहने युवा साथी एवं बच्चे उपस्थित होकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

