वाह रे : प्रबन्धक जी ही बच्चों को समझा रहे हैं नकल करने का गुर
मऊ। मधुबन तहसील के एक इंटर कॉलेज के प्रबंधक उस समय सुर्खियों में आ गए जब वह बकाएदे छात्रों को बैठाकर प्रिंसिपल और टीचर की मौजूदगी में उन्हें नकल करने के तरीके बता रहे थे। प्रबंधक जी के छात्रों को नकल करने के लिए दिए जा रहे टिप्स का वीडियो वायरल होते ही उनके पसीने छूट गए तो वही उन्होंने योगी सरकार के इस फरमान को खुला चैलेंज दे दिया कि नकल कैसे किया और कराया जा सकता है।
मऊ जनपद के तहसील मधुबन का हरिबंश मेमोरियल इन्टर कालेज इन दिनों राष्ट्रीय मीडिया के फलक पर सुर्ख़ियों में है। इसकी खबर देश के राष्ट्रीय चैनलों पर तो चल ही रहा है स्थानीय सोशल मीडिया पर भी खूब जमकर वायरल हो रहा है। स्कूल के प्रबंधक प्रवीन्द मल्ल ने विद्यालय के छात्रों- छात्राओं को बकाएदे बैठा कर बता रहे है कि वे परीक्षा में नकल कैसे करेंगे और कोई उनका बाल भी बांका नहीं कर पाएगा। वे वीडियो में साफ साफ कह रहे हैं कि विद्यालय के प्रधानाचार्यो से बात हो गयी है आप लोग एक दूसरे की मदद से नकल करे बाकी व्यवस्था हमने कर दिया है। प्रबंधक जी ने छात्रों को कहा कि एक दूसरे की इशारे इशारे में बात करके मदद करें। मुंह से बात करके मदद करें कोई चिठ्ठ पर्चा लेकर परीक्षा कक्ष में ना बैठे ऐसे मदद करके वे एक दूसरे की हेल्प करें एवं नकल करें। इससे कोई उन्हें नहीं रोक सकता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा के बाद हर कॉपी में आप सौ का नोट रख दीजिए परीक्षक आप को आंख बंद करके पास करेगा। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि आप चाहे जो भी लिख दीजिए आपको वह नंबर देगा ही देगा। बात बात में प्रबंधक जी ने चैलेंज भी दे दिया कि कोई उनका बच्चा की परीक्षा में फेल नहीं होगा।
इस प्रकार से योगी सरकार बोर्ड परीक्षा में नकल पर नकेल कसने की लाख कवायद कर ले जिला प्रशासन सेक्टर मजिस्ट्रेट से लेकर स्ट्रेटिक मजिस्ट्रेट तक बनाकर नकल विहीन परीक्षा कराने की चाहे जितना भी दम्भ भर ले लेकिन ऐसे प्रबंधक अगर रहेंगे तो नकल विहीन परीक्षा का गारंटी दे पाना संभव नहीं है। अब देखना होगा कि मऊ का जिला प्रशासन प्रबंधक महोदय की कारगुजारी पर क्या कहता है। उधर मामले को संज्ञान में लेते हुए जिलाधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ने स्कूल के प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात की है।
